पठानटोला में मिला पटाखों का जखीरा।
- फोटो : अमर उजाला
मऊ शहर के पठानटोला मुहल्ला स्थित एक मकान में पटाखों का अवैध भंडार मिला। बुधवार को पुलिस को पटाखों को मकान से निकालने में तीन घंटे लग गए। पटाखों की कीमत 10 लाख बताई जा रही है। पुलिस ने मकान मालिक को गिरफ्तार कर लिया है।
पठानटोला स्थित असरार के घर में ही जनरल स्टोर है। मुखबिर की सूचना पर शहर कोतवाल राम सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बुधवार सुबह घर पर छापेमारी की। पुलिस को दुकान में कुछ पटाखे मिले। लेकिन, जब पुलिस ने घर के अंदर तलाशी ली तो पटाखों का जखीरा मिला। इसके बाद पुलिस ने पटाखे घर से बाहर निकालने शुरू किए। पुलिस को पटाखे निकालने में तीन घंटे लग गए।
दुकान मालिक असरार ने बताया कि वह हर दीपावली पर अस्थायी लाइसेंस पर पटाखे की दुकान लगाता है। पिछले साल बचे हुए पटाखे उसने घर में रखे थे। पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने बताया कि घर में अवैध रूप से रखे 10 लाख के पटाखे बरामद किए गए हैं। दुकान मालिक को गिरफ्तार कर लिया गया है। मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।