वाराणसी। बिल्डर बलवंत सिंह की हत्या के मामले में बुधवार को पुलिस ने उनके एक साझीदार से लंबी पूछताछ की। वहीं, दो अन्य साझीदारों से गुरुवार को पूछताछ की जाएगी। पुलिस के अनुसार एक साझीदार से हुई पूछताछ में कोई नया तथ्य प्रकाश में नहीं आया है। अब तक की जांच में यह जरूर सामने आया कि फायरिंग के दौरान पंकज को पकड़ने की कोशिश की गई और छीनाझपटी हुई, लेकिन सभी शराब के नशे में थे। इस वजह से पंकज को कोई पकड़ नहीं पाया और वह फायरिंग करने में सफल रहा। आरोपी पंकज के दो मोबाइल की कॉल डिटेल मिलने का सारनाथ पुलिस को इंतजार है।
गणेशपुर तरना निवासी रिटायर्ड डीआईजी सभाजीत सिंह के बेटे बलवंत सिंह रविवार की रात अपनी फर्म श्री साईं बाबा इंफ्रा प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के साझीदार रामगोपाल सिंह के अशोक विहार कॉलोनी स्थित आवास पर दावत में गए थे। आरोप है कि दावत के बाद बलवंत के एक अन्य साझीदार पंकज चौबे ने गोली मार कर उनकी हत्या कर दी। पंकज को गिरफ्तार कर मंगलवार को जेल भेजा गया। बुधवार को एसपी सिटी दिनेश कुमार सिंह ने बलवंत के परिजनों से मुलाकात कर प्रकरण में पुलिस की ओर से अब तक की कार्रवाई के बारे में बताया। साथ ही, परिजनों से पूछा कि वारदात को लेकर किसी अन्य पर शक हो तो उसका नाम भी बताएं। परिजनों ने किसी पर शंका नहीं जताई, लेकिन यह कहा कि पुलिस इत्मीनान से तफ्तीश करे। तफ्तीश में यदि किसी का नाम साजिशकर्ता के तौर पर सामने आए तो उस पर भी कार्रवाई हो।
---------
प्रधानमंत्री आवास योजना के प्रोजेक्ट पर लग सकता है ग्रहण
श्री साईं बाबा इंफ्रा प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवासों के निर्माण कार्य का प्रोजेक्ट लिया है। फर्म के एक पार्टनर की हत्या और एक पार्टनर के जेल चले जाने से प्रोजेक्ट पर ग्रहण लगने की शंका जताई जा रही है। बाजार में जारी चर्चा के अनुसार बलवंत की हत्या और पंकज के जेल जाने से फर्म की साख को बड़ा झटका लगा है। इसे लेकर निवेशक अपने निवेश पर विचार करना भी शुरू कर दिए हैं।
---------
जेल में निरुद्ध एक फर्म के करीबी से नजदीकी पर पुलिस को शंका
सारनाथ पुलिस के अनुसार पंकज हाल के दिनों में रियल इस्टेट सेक्टर की एक अन्य फर्म के मालिक को लेकर बहुत मुखर था। इसके बाद दोनों में नजदीकी भी बढ़ गई। उस फर्म और बलवंत की फर्म में व्यावसायिक प्रतिद्वंद्विता थी। इसे लेकर पंकज और बलवंत के बीच आए दिन तल्ख लहजे में बातचीत होती थी। सारनाथ पुलिस उस फर्म के मालिक और बलवंत की हत्या का कनेक्शन खंगाल रही है।