देव दीपावली पर काशी के 85 घाट 12 लाख दीयों से रोशन होंगे। इसमें 11 लाख मिट्टी और एक लाख गोबर से बने दीपक घाटों की गरिमा बढ़ाएगे। गंगा उस पार दीपोत्सव कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए 20 सेक्टर में बांटा गया है।
गंगा महोत्सव का आगाज बृहस्पतिवार 23 नवंबर को राजघाट पर होगा। देव दीपावली पर 23 से 27 नवंबर तक रोजाना सांस्कृतिक संध्या सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन राजघाट और राजेंद्र प्रसाद घाट पर होगा। डॉ. राजेंद्र प्रसाद घाट के महोत्सव का शुभारंभ महापौर अशोक तिवारी व विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी करेंगे। यहां काशी सांसद सांस्कृतिक महोत्सव के विजेता 23 से 26 नवंबर तक प्रस्तुति देंगे।
चेतसिंह व गंगा द्वार पर होगा लेजर लाइट शो
चेत सिंह किला व गंगा द्वार की दीवारों पर साउंड एंड लाइट शो और प्रोजेक्शन होलोग्राफिक शो होगा। इसमें पौराणिक नगरी काशी को शिव से जोड़ने वाली कथा भी सुनाई जाएगी। उप निदेशक पर्यटन राजेंद्र कुमार रावत ने बताया कि लगभग 15 से 20 मिनट का यह शो चेत सिंह घाट पर कई बार दिखाया जाएगा, ताकि घाट पर आने वाले सभी श्रद्धालु शो देख सकें।
रात 10 बजे के बाद नहीं चलेंगी नावें
नावों में क्षमता से अधिक सवारी बैठाने वालों पर कमिश्नरेट पुलिस की नजर रहेगी। रात 10 बजे के बाद नावों के संचालन पर रोक रहेगी। बुधवार को अस्सी घाट पर नाविक समाज के साथ अधिकारियों ने बैठक की। अधिकारियों ने कहा कि नावों में क्षमता से अधिक सवारी बैठाने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। नावों में बैठने वाले पर्यटकों को अनिवार्य रूप से लाइफ जैकेट पहनना होगा। देव दीपावली पर सिर्फ सीएनजी वाहन चलाने की अनुमति होगी। बैठक में अपर पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था, डीसीपी काशी अक्षत वर्मा, अपर नगर आयुक्त दुष्यंत कुमार, नाविक समाज के प्रमोद मांझी आदि मौजूद रहे।
22 सदस्यीय विदेशी टीम करेगी आतिशबाजी
गंगा द्वार के सामने रेत पर ग्रीन आतिशबाजी की तैयारी शुरू हो गई है। 22 सदस्यीय विदेशी आतिशबाजी टीम रविवार को वाराणसी आकर सर्वे करेगी। उपनिदेशक पर्यटन के मुताबिक 23 फीट लंबे इलेक्टि्रक ट्रैक पर 15 मिनट की आतिशबाजी होगी। शिव तांडव स्त्रोत के तबले की धुन पर इलेक्टि्रक ट्रैक से पटाखे आसमान में तरह-तरह के आकार के चित्र उकेरेंगे।