वाराणसी। शहर के हॉटस्पाट इलाके मदनपुरा में लोग सोशल डिस्टेंसिंग के साथ लॉकडाउन का पूरी तरह से पालन कर रहे हैं। इलाके में रहने वाले लोग खुद जांच के लिए आगे आ रहे हैं। स्थानीय प्रबुद्ध लोग भी लोगों को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने के लिए जागरूक कर रहे हैं।
जमीयत उलमा के अध्यक्ष मौलाना अब्दुल्लाह नासिर काजमी ने बताया कि 19 अप्रैल को मदनपुरा स्थित बड़ी मस्जिद के 41 नमाजियों की थर्मल स्क्रीनिंग और जांच के लिए जब स्वास्थ्यकर्मियों की टीम पहुंची तो उनका सहयोग किया गया। साथ ही लोगों ने पूरी टीम के प्रति कृतज्ञता भी व्यक्त की। वहीं, कुछ लोगों द्वारा यह अफवाह फैलाई गई कि जांच टीम के साथ दुर्व्यवहार किया गया। उनके ऊपर थूका गया और पानी डाला गया, जबकि यह सच से कोसों दूर है। जनरल सेक्रेटरी इशरत उस्मानी ने बताया कि हॉट स्पॉट इलाके में मुस्लिम समुदाय पूरी तरह से सरकारी महकमे का सहयोग कर रहा है। लोग लॉकडाउन और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए एक-दूसरे को जागरूक भी कर रहे हैं। अफवाहें फैलाकर कुछ लोग काशी की गंगा-जमुनी तहजीब को बिगाड़ना चाहते हैं। हम किसी भी सूरत में ऐसा नहीं होने देंगे।