वाराणसी विकास प्राधिकरण
- फोटो : सोशल मीडिया।
विकास प्राधिकरण लंबे समय से सरकारी ग्रुप हाउसिंग परियोजना को शुरू करने की कवायद में है। मगर, जमीन की उपलब्धता नहीं होने और जमीन अधिग्रहण में परियोजना की कीमत बहुत ज्यादा होने के कारण यह प्रस्ताव आगे नहीं बढ़ पा रहा है। अब वीडीए पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप के जरिये निजी रियल इस्टेट कारोबारियों को बढ़ावा देगा। आवासीय व व्यावसायिक परियोजनाओं के आसपास सड़क, सीवर, बिजली सहित अन्य सुविधाएं प्रदान करेगा। इसके जरिये सुनियोजित विकास की अपनी मुहिम को मजबूत करेगा।
वाराणसी विकास प्राधिकरण को आवास से संबंधित मिलीं ज्यादातर परियोजनाएं दो वर्षों में पूरी करनी हैं। व्यावसायिक भवन, मॉल और होटल आदि को तीन वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य है। रियल इस्टेट कारोबारियों की तरफ से जमीन की व्यवस्था के साथ ही विकास प्राधिकरण के समक्ष परियोजना का नक्शा आदि की प्रक्रिया भी शुरू की गई है। उम्मीद है कि वर्ष 2024 के अंत तक 12 बड़ी ग्रुप हाउसिंग और एकीकृत टाउनशिप के जरिये पांच हजार से ज्यादा आवास शहरवासियों को उपलब्ध होंगे।
वाराणसी शहर के बाहरी हिस्से में विकास की असीम संभावनाएं हैं। एकीकृत टाउनशिप विकसित करने की तैयारी है। दो से तीन वर्षों में वाराणसी महानगर की परिकल्पना साकार होगी। पहली बार एक साथ कई बड़ी परियोजनाएं शुरू होंगी।- रामगोपाल सिंह, सदस्य, रियल इस्टेट एसोसिएशन
वीडीए के सहयोग से शहर के सुनियोजित विकास में भागीदार बनने की तैयारी है। बड़े पैमाने पर ग्रुप हाउसिंग प्रोजेक्ट आ रहे हैं। इससे शहरवासियों को कम लागत में आवासीय सुविधा मिल जाएगी। -आकाशदीप, महासचिव, पूर्वांचल रियल इस्टेट एसोसिएशन
विकास प्राधिकरण को 4596 करोड़ रुपये लागत की 25 परियोजनाओं के प्रस्ताव मिले हैं। एकल खिड़की के जरिये परियोजनाओं को सुविधा प्रदान करने की व्यवस्था की जा रही है। निवेशकों को सरकार की योजनाओं का लाभ भी दिलाया जाएगा। डा. सुनील वर्मा, सचिव, वाराणसी विकास प्राधिकरण