उत्तर प्रदेश के नक्सल प्रभावित जिला मिर्जापुर में ग्रीन ब्रिगेड का गठन किया गया है। ग्रीन ब्रिगेड, वाराणसी के छात्रों के संगठन होप वेलफेयर ट्रस्ट का अंग है। बनारस में अपने कार्यो से प्रभावित करने वाली छात्रों की संस्था होप के तत्वाधान में धनसीरिया गांव में ग्रीन ब्रिगेड का गठन किया गया है।
रविवार को राजगढ़ ब्लाक के दस गांवों के लिए गठित महिलाओं की ग्रीन ग्रुप टीम को धनसिरिया गांव में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी और मड़िहान विधायक रमाशंकर पटेल ने हरी झंडी दिखा कर संबंधित गांवों में रवाना किया।
10 गांवों की प्रत्येक टीम में 15-15 महिलाएं हैं जो अपने-अपने गांवों में नशा मुक्ति, घरेलू हिंसा पर रोक लगाने के अलावा आपराधिक गतिविधियों पर नजर रखते हुए पुलिस को सूचित करेंगी। इससे अपराध पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। साथ ही जागरूकता से गांव के लोगों को सही दिशा मिलेगी। टीम की महिलाओं को बीएचयू के छात्रों एवं प्रोफेसर के सहयोग से बनी होप संस्था ने प्रशिक्षित किया है।
होप के संस्थापक रवि मिश्र की टीम ने राजगढ़ क्षेत्र में बढ़ रहे बाल यौन शोषण, अवैध शराब खाना, जुआ के अड्डों, महिलाओं पर हो रहे घरेलू हिंसा को रोकने के लिए राजगढ़ क्षेत्र के नक्सल प्रभावित दस गांवों सेमरी सरसो, पुरैनिया, रामपुर 38, भीटी भवानीपुर, नदिहार, राजगढ़, दरवान, धनसिरिया, कूड़ी, ददरा आदि से 15-15 महिलाओं का चयन किया है।
धनसिरिया में पुलिस अधीक्षक ने ग्रीन ग्रुप की महिलाओं को गांवों में फैली कुरीतियों को मिटाने के लिए निगरानी करने की शपथ दिलाई। कहा कि गांवों में कार्य करते समय कोई बदसलूकी करता है तो बताएं, पुलिस कार्रवाई करेगी। पुलिस अधीक्षक एवं विधायक ने हरी झंडी दिखा कर ग्रीन साड़ी पहने ग्रीन ग्रुप की महिलाओं को अपने-अपने गांवों को रवाना किया।