तीन बच्चों के जन्म के बाद बिगड़ता गया माहौल
अर्जुन राजभर और पूजा की शादी वर्ष 2006 में हुई थी। वर्ष 2013 में पहले पुत्र करन, 2014 में दूसरे पुत्र आर्यन और 2016 में बेटी प्रतिभा का जन्म हुआ। दोनों बेटे कक्षा सात में प्राथमिक विद्यालय बैहरहिया में पढ़ते थे। इससे पहले कक्षा एक से पांच तक दोनों ने केडी पतरही स्थित निजी विद्यालय में पढ़ाई की थी।
पंचायत के बाद भी जारी रहा विवाद
पुलिस के अनुसार, अर्जुन की शादी से पहले दो महिलाओं से प्रेम संबंध की चर्चा थी। वर्ष 2020 में पल्हना में पकड़े जाने के बाद इसको लेकर पंचायत भी हुई थी। बाद में एक अन्य महिला से करीब तीन साल पुराने कथित संबंध की जानकारी पूजा को मार्च-अप्रैल 2026 में हुई। इसके बाद दंपती के बीच मनमुटाव बढ़ने की बात कही जा रही है।
अब बहू पर भी आरोप लगा रहे दादा
दादा लालजी राजभर ने पूजा पर भी गांव के एक युवक से कथित संबंध होने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि उन्होंने स्वयं दोनों को पकड़ा था। बाद में बहू को समझाने-बुझाने के बाद उसे माफ कर दिया था। लालजी का यह भी आरोप है कि पूजा कई बार घर से अकेले निकल जाती थी और पांच-छह घंटे बाद लौटती थी। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस इन सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
तांत्रिक के पास जाने की चर्चा ने भी बढ़ाया रहस्य
परिजनों के अनुसार, पूजा कभी-कभी जौहरगंज स्थित एक बाबा के पास जाती थी। महीने में एक-दो बार वहां जाने की चर्चा है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि महिला का किसी तांत्रिक या बाबा से संपर्क था या नहीं और यदि था तो उसका घटना से कोई संबंध है या नहीं।
खाने की भी होगी जांच, फोरेंसिक रिपोर्ट से खुलेगा राज
एसपी डॉ. ईरज राजा के अनुसार, घटना से पहले खाने में कुछ मिलाकर बच्चों को अर्धमूर्छित करने की संभावना की भी जांच की जा रही है। बच्ची ने खाना खाने के बाद उल्टी होने की बात बताई है। ऐसे में खाने और विसरा के नमूने फोरेंसिक जांच के लिए भेजे जाएंगे। मौके से फिंगरप्रिंट समेत अन्य साक्ष्य भी जुटाए गए हैं।