देश के गृहमंत्री व भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह आज वाराणसी आएंगे। निकाय चुनाव की सुगबुगाहट के बीच केंद्र व प्रदेश में सत्तासीन भाजपा अल्पसंख्यकों में अपनी पैठ बनाने की कवायद में जुट गई है। निकाय चुनाव में पूर्वांचल को क्लीन स्वीप करने की खास रणनीति की पृष्ठभूमि काशी में तैयार की जाएगी।
इस दौरान काशी क्षेत्र के प्रमुख पदाधिकारियों के साथ वे अलग-अलग बैठक कर पूर्वांचल की नब्ज भी टटोलेंगे। फिलहाल अल्पसंख्यक बहुल इलाकों में वर्ष 2014 के आम चुनाव से वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव के बीच हुए मतदान के आंकड़े की समीक्षा भी कराई जा रही है।
वाराणसी में तीन घंटे रहेंगे गृहमंत्री
गृहमंत्री अमित शाह मंगलवार को दोपहर बाद वाराणसी पहुंचेंगे। यहां करीब तीन घंटे वे रुकेंगे। पार्टी के उच्च पदस्थ सूत्रों की मानें तो वाराणसी नगर निगम में संभावित प्रत्याशियों पर चर्चा के साथ ही अल्पसंख्यक बहुल इलाकों में मोर्चा पदाधिकारियों की भूमिका पर चर्चा हो सकती है। इसके लिए दावेदारों के साथ ही जातीय समीकरण के हिसाब से संभावित नामों की सूची भी तैयार की जा रही है। इसके अलावा गुजरात चुनाव में पूर्वांचल के नेताओं की भूमिका भी तय की जाएगी। दरअसल, गुजरात के कई शहरों में उत्तर भारतीय मतदाता निर्णायक भूमिका में हैं।
ऐसे में वाराणसी के साथ ही पूर्वांचल के अन्य जिलों के पदाधिकारियों को वहां की जिम्मेदारी सौंपी जानी है। पार्टी के एक पदाधिकारी ने बताया कि गृहमंत्री व पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष के वाराणसी आगमन से पहले कई स्तर पर बैठक कर निकाय चुनाव के साथ ही गुजरात चुनाव में भूमिका की कार्ययोजना बनाई जा रही है।