बीएचयू के एंफीथिएटर मैदान में 16 दिसंबर को अपराह्न चार बजे समापन समारोह के साथ अतिथियों की विदाई की जाएगी। करीब ढाई घंटे के आयोजन के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह वहां मौजूद जनसमुदाय को संबोधित करेंगे। गृहमंत्री हनुमान घाट स्थित राष्ट्र कवि सुब्रमण्यम भारती के घर भी जा सकते हैं। इस दौरान वे बाबा धाम और कालभैरव के दर्शन-पूजन करने भी जा सकते हैं।
समापन समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की पूरी कार्ययोजना बनाई गई है। इसमें बनारस के कलाकारों के अलावा तमिल के भी कलाकार शामिल होंगे। प्रशासन को मिले गृहमंत्री के कार्यक्रम के अनुसार वे अपराह्न चार बजे बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे और यहां से हेलीकॉप्टर से बीएचयू हेलीपैड आएंगे। यहां कार्यक्रम में हिस्सा लेने के बाद वे दिल्ली रवाना हो जाएंगे।
पूर्वांचल की सियासी नब्ज पर खास पकड़ रखने वाले गृहमंत्री व पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह निकाय चुनाव की गहमागहमी के बीच वाराणसी आएंगे। निकाय चुनाव के बीच गृहमंत्री का बनारस आना कई मायनों में अहम है। इस दौरान महापौर के टिकट को लेकर संशय खत्म होने के आसार हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि गृहमंत्री की मौजूदगी में महापौर के लिए पार्टी का चेहरा तय हो जाएगा। इसके बाद संगठन की ओर से नाम की घोषणा की जा सकती है।