गृह मंत्री शाह के आगमन को लेकर पुलिस आयुक्त ने जांची सुरक्षा
- फोटो : अमर उजाला
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के काशी दौरे को लेकर एयरपोर्ट से लेकर बाबा विश्वनाथ मंदिर तक की सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता की गई। शनिवार को पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए। इस दौरान पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों संग संपूर्णानंद संस्कृत यूनिवर्सिटी के खेल मैदान में हेलीपैड स्थल का जायजा भी लिया।
मिर्जापुर से आगमन के दौरान अमित शाह सेना के हेलीकाप्टर से संपूर्णानंद संस्कृत यूनिवर्सिटी के खेल मैदान पर उतरेगा। इस दौरान एयरपोर्ट पर भी सीआईएसएफ ने अपनी तैयारियों को परखा। उधर, मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा और बाबतपुर एयरपोर्ट स्थित एक निजी अस्पताल में सेफ हाउस बनाया गया। यहां चिकित्सकों की तैनाती भी कर दी गई।
गृहमंत्री अमित शाह का मिनट टू मिनट
5:10 बजे- मिर्जापुर से संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में आगमन
5:25 बजे - श्री काशी विश्वनाथ मंदिर दर्शन पूजन और धाम का निरीक्षण
6:05 बजे - संपूर्णानंद हेलीपैड से रवाना
6:20 बजे - बाबतपुर एयरपोर्ट पर आगमन
6:25 बजे - बाबतपुर से प्रस्थान
वीवीआईपी आगमन के मद्देनजर रविवार को कई क्षेत्रों में वाहनों के आवागमन के मार्गों में परिवर्तन किया गया है। इसमें संपूर्णानंद विश्वविद्यालय हेलीपैड से श्री काशी विश्वनाथ मंदिर जाने के मार्ग पर रूट डायवर्जन किया गया है। जो शाम 4.30 से 6.30 बजे तक जारी रहेगा। इसमें परिवर्तन भी किया जा सकता है। यह प्रतिबंध वीवीआईपी के मार्ग के गुजरने के समय से 15 मिनट पहले रहेगा। सभी वाहन पास भी स्थगित रहेंगे। हालांकि, एंबुलेंस व शव वाहन प्रतिबंध से मुक्त रहेंगे।
वीवीआईपी के आने और जाने के समय चौकाघाट लकड़ मंडी से वाहनों को चौकाघाट चौराहे की तरफ, लकड़मंडी से गोलगड्डा तिराहा व चौकाघाट चौराहा की तरफ, चौकाघाट चौराहा से अंधरापुल-कैंट की तरफ, मरीमाई तिराहा से मलदहिया व अंधरापुल की तरफ, जगतगंज तिराहा सेे संपूर्णानंद वीसी आवास की तरफ डायवर्ट कर दिया जाएगा।
वहीं, क्वींस इंटर कॉलेज तिराहा से वाहनों को रामकटोरा की तरफ, लहुुराबीर चौराहा से मलदहिया चौराहा की तरफ, जयसिंह चौराहा से वाहनों को मलदहिया चौराहा की तरफ , मैदागिन चौराहा से विशेश्वरगंज की तरफ, गोलगड्डा तिराहा की तरफ , पिपलानी कटरा सेे रामकटोरा चौराहा की तरफ, लहुराबीर चौराहा सेे जयसिंह व मलदहिया चौराहा की तरफ, बेनिया तिराहा से पियरी चौकी तिराहा की तरफ, रामापुरा चौराहा से लक्सा व भेलूपुर की तरफ, गुरुबाग तिराहा सेे नीमामाई तिराहा व कमच्छा की तरफ, सोनारपुरा चौराहा सेे भेलूपुर चौराहा की तरफ, मैदागिन चौराहा सेे विशेश्वरगंज तिराहा की तरफ डायवर्ट किया गया है।