Holi 2025: बाबा के दरबार से कान्हा और कान्हा के दरबार से बाबा को उपहार भेजा गया। इस बार बाबा विश्वनाथ के भक्तों पर मथुरा का और कान्हा के भक्तों पर काशी का गुलाल बरसेगा।
रंगभरी एकादशी पर बाबा विश्वनाथ मथुरा के गुलाल से होली खेलेंगे, वहीं कान्हा को बाबा विश्वनाथ की भस्म व अबीर लगेगी। होली के पूर्व श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास ने श्रीकृष्ण जन्मस्थान मथुरा के साथ सनातन नवाचार आरंभ किया है। इसके तहत बाबा के धाम से श्रीकृष्ण जन्मस्थान में विराजमान लड्डू गोपाल के लिए वाराणसी से और बाबा विश्वनाथ के लिए मथुरा से उपहार भेजा गया है।
विज्ञापन
शनिवार को श्री काशी विश्वनाथ धाम से रंगभरी एकादशी से पहले भगवान विश्वनाथ द्वारा श्री कृष्ण जन्मस्थान मथुरा में विराजमान लड्डू गोपाल को उपहार सामग्री वाहन से भेजी गई। इसी प्रकार श्री कृष्ण जन्मस्थान मथुरा से भगवान लड्डू गोपाल द्वारा श्री काशी विश्वनाथ जी को भी भेंट रवाना की गई।
मंदिर न्यास के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्वभूषण ने श्री कृष्ण जन्मस्थान मथुरा के सचिव कपिल शर्मा और गोपेश्वर चतुर्वेदी से बातचीत की थी। इसे श्रीकृष्ण जन्मस्थान के अधिकारियों ने भी सहर्ष स्वीकार किया।
विज्ञापन
काशी से मथुरा के लिए भेजा गया उपहार
- फोटो : अमर उजाला
शनिवार को विधि विधान पूर्वक उपहार की समस्त सामग्री श्री विश्वेश्वर को अर्पित करने के उपरांत पूरे साज-सज्जा और धूमधाम से मंदिर न्यास के मुख्य कार्यपालक अधिकारी, अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी- निखिलेश कुमार मिश्र, डिप्टी कलेक्टर शंभू शरण, विशेषकार्याधिकारी उमेश कुमार सिंह, नायब तहसीलदार मिनी एल शेखर ने भगवान श्री लड्डू गोपाल के लिए होली के शुभ अवसर पर उपहार सामग्री भेजी।
इसी प्रकार मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मस्थान से भी श्री विश्वेश्वर महादेव को अर्पित उपहार भी रवाना किए गए। मथुरा से आई उपहार सामग्री को रंगभरी एकादशी और होली पर्व में सम्मिलित किया जाएगा। श्री काशी विश्वनाथ धाम में मथुरा से प्राप्त भेंट सामग्री नौ मार्च को प्रातः 6.30 बजे पहुंचेगी और उसे भगवान विश्वनाथ के गर्भगृह में रखी जाएगी। वहीं मथुरा में श्री कृष्ण जन्मस्थान में नौ मार्च को ही काशी से प्राप्त उपहार सामग्री को प्रातः नौ बजे भगवान लड्डू गोपाल को अवलोकित कराया जाएगा।
श्रद्धालुओं को बंटेगा प्रसाद, अर्पित किया जाएगा गुलाल
उपहार में प्राप्त खाद्य प्रसाद सामग्री का वितरण दोनों धाम में श्रद्धालुओं को किया जाएगा। श्री कृष्ण जन्मस्थान मथुरा से प्राप्त रंग अबीर गुलाल का प्रयोग रंगभरी एकादशी तथा होली के पर्व पर भगवान विश्वनाथ को अर्पित करने में किया जाएगा। इसी प्रकार श्री काशी विश्वनाथ धाम से श्री कृष्ण जन्मस्थान मथुरा को भेजी गई सामग्री का प्रयोग रंगभरी एकादशी एवं होली पर्व पर भगवान लड्डू गोपाल की होली में किया जाएगा।
दोनों तीर्थस्थलों के मध्य समन्वय व श्रद्धा का आदान-प्रदान अभिनव पहल
मथुरा और काशी मोक्षदायिनी नगरी हैं। इन दोनों तीर्थस्थलों के बीच समन्वय और श्रद्धा का आदान-प्रदान अभिनव पहल है, जिसे इस वर्ष के रंगभरी एकादशी और होली पर्व में सम्मिलित किया जाएगा। इस उपहार आदान-प्रदान के साथ दोनों धामों के भक्तों को विशेष रूप से भगवान लड्डू गोपाल के रूप में बाल स्वरूप के भगवान और बाबा विश्वनाथ से आशीर्वाद प्राप्त होगा।