कलमकारों ने खेली होली
धर्म, संप्रदाय जाति के बंधन खोल कर परस्पर भाईचारे का संदेश देते हुए कलमकारों ने शनिवार को पराड़कर स्मृति भवन में होली मिलन समारोह मनाया। काशी पत्रकार संघ से संचालित वाराणसी प्रेस क्लब के तत्वावधान में नगर के नामचीन कवियों ने अपनी काव्य रचनाओं से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
आज बिरज में होली रे रसिया
छावनी परिषद एवं दीपिका कल्चरल सोसायटी ऑफ इंडिया द्वारा शनिवार को आयोजित साप्ताहिक आयोजन कैंटोनमेंट के नेहरू पार्क में हुआ। अदिती चटर्जी ने शुरुआत गणपति वंदना, शिव वंदना नागेंद्र हारा एवं देवी स्तुति तराना व भाव नृत्य ठुमरी प्रस्तुत किया।
होली मिलन में हुई फूलों की वर्षा
वाराणसी। काशी व्यापार प्रतिनिधि मंडल की ओर से शनिवार को महमूरगंज स्थित माहेश्वरी भवन में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। व्यापारियों ने पारंपरिक टोपी पहन एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर भाईचारे का संदेश दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मेयर अशोक तिवारी ने दीप प्रज्वलित कर किया।
सांस्कृतिक संध्या का आगाज़ प्रख्यात कवि डॉ. अनिल चौबे की हास्य रचनाओं से हुआ, जिन्होंने अपनी चुटीली कविताओं से व्यापारियों को हंसने पर मजबूर कर दिया। गायिका सरस्वती कृष्णमूर्ति के गीत होलिया में उड़े रे गुलाल पर लोग झूमने को विवश हो गए। पूरे कार्यक्रम के दौरान कलाकारों और व्यापारियों पर गुलाब के फूलों की वर्षा होती रही।
आज बिरज में होली रे रसिया... फूलों की होली और भजनों की थाप पर झूमा वैश्य समाज
सर्व वैश्य समाज समिति की ओर से शनिवार को नाटी इमली स्थित गणेश मंडपम लॉन में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बरसाने की राधा रानी और गोकुल के नंदलाल स्वरूप कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुति रही। आज बिरज में होली रे रसिया और मोहे पनघट पे नंदलाल छेड़ गयो रे जैसे गीतों पर थिरकते कलाकारों ने पूरे वातावरण को वृंदावन के रंग में सराबोर कर दिया।
फूलों की पंखुड़ियों से खेली गई इस होली ने उपस्थित दर्शकों को झूमने पर विवश कर दिया। कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। मुख्य अतिथि राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल, समिति के अध्यक्ष आरके चौधरी, महामंत्री दीपक कुमार बजाज, वरिष्ठ उपाध्यक्ष उमाशंकर अग्रवाल, कोषाध्यक्ष सर्वेश अग्रवाल, नीरज पारीख समेत अन्य लोगों ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया।