होली पर्व के बाद खाली पड़ा शहीद पार्क चौक।
- फोटो : BALLIA
बलिया। पुलिस की देखरेख में जनपद में सोमवार को होली धूमधाम से मनाई गई। होली की पूर्व संध्या तक नगर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों का बाजार भीड़ से गुलजार रहा लेकिन होली बाद मंगलवार को नगर से लेकर ग्रामीण क्षेत्र के बाजारों में पूरी तरह सन्नाटा पसरा रहा। आलम यह रहा है कि मंगलवार को अधिकांश दुकानें बंद रही। वहीं, कुछ दुकानें खुली मिली तो वहां पर ग्राहक नहीं दिखे। उधर, सड़कों पर वाहनों का संचालन भी मंगलवार को काफी कम रहा।
जनपद में रविवार की देर रात नगर से लेकर ग्रामीण क्षेत्र के बाजार भीड़ से गुलजार रहे। आलम यह रहा कि हर तरह की दुकानों पर खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ लगी रही। भीड़ के कारण बाजारों में जाम की स्थिति बनी रही। दुकानदार और उनके कर्मचारी भी देर शाम तक दुकानों को खोलकर काम करते रहे। बताया जाता है कि अधिकांश दुकानों को बंद करने में काफी रात हो गई। इसके बाद, सोमवार को होली का पर्व रहा। मंगलवार को बाजार खुला तो अधिकांश दुकान जहां बंद रहे वहीं ग्राहक की संख्या भी काफी कम दिखी। इसके अलावा, विभिन्न मार्गों पर वाहनों का संचालन भी काफी कम रहा तो यात्री भी घरों ने कम ही निकले।