काशी में होली का उल्लास देखने को मिल रहा है। कॉलेजों से लेकर स्कूलों और विभिन्न समितियों द्वारा होली उत्सव आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में बीएचयू के मधुबन में मंगलवार को होली उत्सव मनाया गया।
बीएचयू के मधुबन पार्क में मंगलवार को छात्रों ने जमकर होली खेली। छात्रों ने होली उत्सव में एक-दूसरे को रंग लागाने के साथ ही खूब मस्ती की। भोजपुरी गानों पर छात्रों ने जमकर ठुमके लगाए। छात्रों ने हर्बल के साथ ही विभिन्न तरह के रंग और गुलाल से होली खेली। इसमें लाल, हरा, गुलाबी रंग के गुलाल के साथ ही पक्का कलर भी शामिल था।
विज्ञापन
होली का आयोजन एलबीएस हास्टल द्वारा आयोजित किया गया। जिसमें बीए, बीकॉम, एलएलबी समेत अन्य विभाग के छात्र व छात्राएं शामिल हुए। साथ ही राजघाट स्थित वसंता महाविद्यालय की भी छात्राएं मधुबन होली खेलने पहुंचीं। यहां डीजे पर भोजपुरी गाना लगाकर छात्रों ने खूब डांस किया। इसके साथ ही इस पल को छात्रों ने कैमरे में भी कैद किया। उन्होंने सेल्फीबाजी के साथ रील भी बनाए।
कार्यक्रम के दौरान पार्क में डीजे की आवाज से मधुमक्खी का छत्ता टुटने से कुछ समय के लिए कार्यक्रम को रोक दिया गया। कुछ देर बाद कार्यक्रम पुनः प्रारंभ हुआ।