मानस नगर कॉलोनी में हुई घटना, छतों से गुजर रहे हैं तार
विज्ञापन
माई सिटी रिपोर्टर वाराणसी। फुलवरिया में कैंट थाना क्षेत्र के मानस नगर कॉलोनी में सोमवार सुबह हाइटेंशन तार टूट कर गिर गया। संयोग था कि जिस समय तार टूटा उस समय कोई नीचे नहीं था। लोगों ने तत्काल बिजली उपकेंद्र को सूचना दी। घटना पर कॉलोनीवासियों ने नाराजगी जताई। सूचना पाकर मौके पर कर्मचारियों के साथ पहुंचे बिजली निगम के एसडीओ ने पहले बिजली कटवाई। इसके बाद बिजली कर्मचारियों से तार को हटवाया। लोगों से सतर्कता बरतने की अपील भी की।
अधिशासी अभियंता को ज्ञापन में कॉलोनीवासियों ने बताया है कि लंबे समय से 11,000 और 33,000 वोल्ट के हाइटेंशन तार उनके घरों के पास से होकर गुजर रहे हैं। संजीव पाठक, एके सिंह, उमाकांत यादव, जयप्रकाश प्रजापति, लालजी मौर्य ने अधिशासी अभियंता से हाइटेंशन तारों को हटाकर भूमिगत करने की मांग की है। अधिशासी अभियंता कुलदीप का कहना है कि घटना की जानकारी मिलने के बाद संबंधित अधिकारी, कर्मचारी को मौके पर भेजकर तार को हटवाया गया। बहुत जल्द ही एक टीम भेजकर कॉलोनी में सर्वे कराया जाएगा। नियमानुसार जो भी कॉलोनीवासियों की मांग होगी, उसके लिए उच्चाधिकारियों के निर्देश पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।