Varanasi News: इस समय भीषण गर्मी पड़ रही है। दिन में सड़कों और घाटों पर सन्नाटा पसरा रह रहा है। बावजूद इसके भेलूपुर और अर्दली बाजार क्षेत्र का एक्यूआई लगातार खराब बना हुआ है। बीती 16 मई से दोनों क्षेत्रों का एक्यूआई 100 के ऊपर दर्ज किया जा रहा है, जो खराब श्रेणी में माना जाता है।
बीएचयू के पर्यावरणविद् राजीव प्रताप सिंह ने बताया कि इस समय तापमान सामान्य से काफी ऊपर चल रहा है। बीते एक महीने से तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक बना हुआ है, जिससे भीषण गर्मी पड़ रही है। सुबह आठ बजे के बाद ही तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के ऊपर पहुंच जा रहा है। इसका प्रमुख कारण तेज गर्मी और हवा की कम रफ्तार है।
उन्होंने बताया कि मई में तापमान अधिक होने और हवा धीमी चलने से प्रदूषक एक ही जगह जमा हो जाते हैं। धूल बढ़ना, सड़कों की खोदाई, निर्माण कार्य, टूटी सड़कें और सूखी मिट्टी से लगातार धूल उड़ती रहती है। भेलूपुर और अर्दली बाजार क्षेत्र में संकरी सड़कों पर ट्रैफिक के कारण यह स्थिति और गंभीर हो जाती है। दोनों इलाकों में वाहनों का दबाव भी अधिक है।