मऊ। निरीक्षण में रानीपुर सीएचसी में जहां चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी गायब मिले। वहीं दो प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर भी कई खामियां मिली, जिसको लेकर सीएमओ काफी नाराज दिखे और फटकार लगाते हुए इसे ठीक कराने का निर्देश दिया।
सीएमओ डॉ. नरेश अग्रवाल बुधवार की दोपहर दो बजे रानीपुर सीएचसी पहुंचे।यहां सबसे पहले अस्पताल में घुसते ही अस्पताल की फर्श टूटी तथा दबी मिली। वहीं लेबर रूम का निरीक्षण किया गया तो लेबर रूम का शौचालय चोक पाया गया। जिस पर लेबर रूम में ड्यूटी पर तैनात स्टॉफ को निर्देशित किया गया कि इसकी सूचना तत्काल अधीक्षक को देकर शौचालय को सही व साफ कराया जाए।इस दौरान डॉ. दिव्या पाण्डेय मातृत्व अवकाश पर मिली जबकि अटल शर्मा एमसीटीएस आपरेटर तथा आशीष कुमार पाण्डेय, डॉ. संजय यादव तथा नीरज कुमार अनुपस्थित मिले।सीएमओ ने अधीक्षक को निर्देशित किया गया कि इनके द्वारा प्रमाणित उपस्थिति विवरण प्रस्तुत करने के बाद ही वेतन आहरित करने हेतु मुख्यालय को उपस्थिति दी जाए। इस दौरान रानीपुर सीएचसी प्रभारी डॉ. दिनेश कुमार मौजूद रहे। इससे पहले सीएमओ ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र काझा का निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित मिले। वहीं खुरहट पीएचसी और सेंचुई पीएचसी का निरीक्षण किया।
हलधरपुर।रतनपुरा ब्लाक क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गहनी पर बुधवार की सुबह दस बजे तक सात कर्मचारी में केवल एक स्वास्थ्यकर्मी राजेश कुमार यादव उपस्थित मिले। जबकि डाक्टर तथा दूसरे स्वास्थ्यकर्मी नदारद मिले। चौकाने वाली बात है कि बीते मंगलवार को गहनी का निरीक्षण सीएमओ द्वारा किया गया था, लेकिन इसके बाद दूसरे दिन अस्पताल पर कोई नहीं पहुंचा था।