वाराणसी। वेतन विसंगति सहित कई मांगों को लेकर पांच दिन से चल रहा स्वास्थ्यकर्मियों का कार्य बहिष्कार महीने भर के आश्वासन के बाद शनिवार को समाप्त हो गया। सिगरा कोविड कमांड सेंटर पर सीएमओ के साथ हुई बैठक में उनके आश्वासन के बाद स्वास्थ्य कर्मी काम पर लौट आए।
उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ के बैनर तले स्वास्थ्यकर्मियों का 15 दिसंबर से कार्य बहिष्कार चल रहा था। इसमें ईपीएफ का पैसा खाते में न जाने, एरियर लॉयल्टी बोनस न मिलने सहित अन्य समस्याओं को लेकर स्वास्थ्यकर्मी परेशान थे। कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष डॉ. अब्दुल जावेद ने बताया कि शनिवार को सीएमओ डॉ. वीबी सिंह ने बातचीत के बाद उन्होंने एक महीने के भीतर कार्यवाही का आश्वासन दिया है। सभी कर्मचारियों का एरियर लॉयल्टी बोनस पीएफ एमएस में शो करने लगा है और सोमवार तक सभी कर्मचारियों के खाते में पहुंचा जाएगा। इसके साथ ही समस्याओं पर हर महीने के दूसरे शनिवार को कमेटी की बैठक भी होगी। बैठक में डॉ. कुंवर अमित सिंह, डॉ. प्रगति बेरी,डॉ. मिथिलेश त्रिपाठी, डॉ. रितेश गुप्ता, नदीम अली आदि मौजूद रहे।