वाराणसी। कोरोना के बढ़ते संक्रमण के बीच शनिवार को राहत भरी खबर बीएचयू सुपर स्पेशियलिटी कांपलेक्स से मिली। यहां पिछले रविवार को कोरोना संक्रमित 103 साल के जिस बाबा को भर्ती कराया गया था, उन्होंने अब कोरोना की जंग जीत ली है। शनिवार को कोरोना वार्ड से उन्हें डिस्चार्ज किया गया तो वहां मौजूद चिकित्सकों, अधिकारियों, स्वास्थ्य कर्मियों ने ताली बजाकर उनका उत्साह बढ़ाया।
ललित घाट निवासी 103 वर्षीय बाबा शिवशंकर भारती को कोरोना की पुष्टि होने के बाद रविवार को सुपर स्पेशियलिटी कांपलेक्स में भर्ती कराया गया था। बीएचयू अस्पताल के डिप्टी एमएस प्रो. सौरभ सिंह ने बताया कि सात दिन तक इलाज के दौरान बाबा के सेहत की लगातार मानीटरिंग की गई। बताया कि 103 साल की उम्र में कोरोना के मात देने वाले शिवशंकर प्रदेश ही नहीं देश के पहले मरीज है। शनिवार को उन्हें डिस्चार्ज किया गया। कोविड नोडल अधिकारी प्रो. केके गुप्ता ने बताया कि मरीज को पुणे में एक अस्पताल में इलाज के दौरान संक्रमण हो गया था।