दोहरीघाट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के कैंपस में स्थापित 25 केवीए का ट्रांसफार्मर तकनीकी खामी के कारण छह महीने से खराब है। इससे हाई वोल्टेज तथा लो वोल्टेज आने से अस्पताल में रखा आईएलआर (आइस लाइंड रेफ्रीजरेटर) जल जा रहा है। इससे वैक्सीन रखरखाव करने मेें परेशानी हो रही है। यही नहीं विद्युत उपकरण जल जाने से मरीजों तथा तीमारदारों को एक-एक पल बिताना मुश्किल हो रहा है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक की शिकायत के बाद भी बिजली विभाग के आला अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया है।
स्वास्थ्य केंद्र में तीन आईएलआर लगे हैं। जिनसे काम चलाया जा रहा है। हाई वोल्टेज आने से अस्पताल के कई पंखे जल गए। जहां अस्पताल में भर्ती मरीजों, तीमारदारों को दिक्कतें हो रही हैं। वहीं ओपीडी के समय भी मरीजों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। सीएचसी के अधीक्षक डॉ. फैजान की मानें तो प्रतिदिन कभी बिजली उपकरण तो कभी आईएलआर जल जा रहे हैं। इससे स्वास्थ्य सेवाओं पर विपरीत असर पड़ रहा है।बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता को पत्र देने के बाद भी मामले को गंभीरता से नहीं लिया जा सका है। चिकित्सक आवास की तरफ जर्जर तार टूटकर गिरने से हादसे की आशंका बनी रहती है।
सीएचसी कैंपस में लगे ट्रांसफार्मर खराब होने का मामला संज्ञान में नहीं आया है। सीएचसी अधीक्षक से मामले की जानकारी लेकर बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता को पत्र भेजा जाएगा।
डॉ. नंद कुमार, सीएमओ