मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के बुधवार को शहर आगमन के मद्देनजर यातायात पुलिस ने रूट डायवर्जन किया है। डायवर्जन सुबह दस बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक रहेगा। पांडेयपुर चौराहा से किसी भी प्रकार के वाहनों को वीवीआईपी के आगमन एवं प्रस्थान के समय पुलिस लाइन, ताड़ीखाना एवं वीरेन्द्र सिंह के पेट्रोल पम्प की तरफ नहीं जाने दिया जायेगा। इन वाहनों को काली माता मंदिर, लालपुर पंचकोशी, महाबीर मंदिर की तरफ डायवर्जन किया जायेगा। काली माता मंदिर से फ्लाईओवर होते हुए किसी भी प्रकार के वाहनों को पुलिस लाइन की तरफ नहीं आने दिया जायेगा। इन वाहनों को भक्तिनगर कालोनी की तरफ डायवर्ट किया जायेगा। भोजूबीर की तरफ से पुलिस लाइन चौराहा की तरफ वाहनों को नहीं आने दिया जायेगा। इन वाहनों को जेपी मेहता की ओर डायवर्ट किया जायेगा। कचहरी चौराहे से किसी भी वाहन को पुलिस लाइन चौराहे की ओर नही आने दिया जायेगा इन वाहनों को सर्किट हाउस एवं वरुणा पुल की तरफ डायवर्ट किया जायेगा। अधंरापुल से किसी भी प्रकार के वाहनों को चौकाघाट की तरफ नहीं जाने दिया जायेगा। इन वाहनों को मरी माई एवं नदेसर की तरफ डायवर्ट किया जायेगा।
रोडवेज से फ्लाईओवर होते हुए किसी भी प्रकार के वाहनों को लकडी मंडी की तरफ नहीं जाने दिया जायेगा। इनको पुल के नीचे से अंधरापुल की तरफ भेजा जायेगा। गोलगडडा से किसी भी प्रकार के वाहनों को लकड़ी मंडी की तरफ नहीं जाने दिया जायेगा। इन वाहनों को थाना आदमपुर, विशेश्वरगंज व कज्जाकपुरा की तरफ डायवर्ट किया जायेगा। रात में भारी वाहनों के लिए शहर में नो इंट्री रहेगा। वहीं कमिश्नर नितिन रमेश गोकर्ण, डीएम विजय किरण आनंद और एसएसपी आकाश कुलहरि मंगलवार को पूरे दिन मुख्यमंत्री के आगमन के मद्देनजर तैयारियों में लगे रहे।
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भदोही से हेलीकाप्टर से वाराणसी पुलिस लाइन आएंगे। यहां से सड़क मार्ग से वह संजय गांधी नगर (कॉटन मिल) स्थित ठुमरी साम्राज्ञी गिरिजा देवी से मिलने उनके घर जाएंगे। ऐनवक्त पर सीएम के कार्यक्रम में फेरबदल के बाद जिला प्रशासन ने सुरक्षा के दृष्टिकोण से तैयारी पूरी कर ली है। सीएम की मौजूदगी के दौरान चौकाघाट से नाटीइमली तक की सड़कों पर सामान्य यातायात प्रतिबंधित रहेगा। सीएम करीब 15 मिनट यहां रुकेंगे। इसके बाद वे लखनऊ के लिए रवाना होंगे।