वाराणसी। मच्छोदरी इलाके में बाइक सवार दो टप्पेबाजों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर सराफा कारोबारी से पांच लाख दस हजार रुपये उड़ा दिए। शुक्रवार को सराफा कारोबारी की तहरीर पर कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज किया गया।
बिहार के बक्सर निवासी सराफा व्यवसायी राजेंद्र कुमार वर्मा कारोबार के सिलसिले में शुक्रवार को बनारस आए थे। वह मच्छोदरी पार्क के समीप गाड़ी से उतरकर चौक स्थित सुड़िया सराफा मंडी जाने के लिए राधा स्वामी मंदिर के पास रिक्शे का इंतजार करने लगे। पीड़ित राजेंद्र कुमार वर्मा के अनुसार एक बैग में 5 लाख 10 हजार रुपये रखे हुए थे। इसी दौरान सांवले रंग का एक युवक पहुंचा और सड़क के पार बाइक पर बैठे एक युवक की तरफ इशारा करते हुए कहा कि चलो दरोगा जी बुला रहे हैं। वहां पहुंचने पर बाइक पर बैठे युवक ने कहा कि शराब पी रखी है, चलो मुंह सुंघाओ, इसी दौरान तथाकथित दरोगा मुंह सूंघने लगा और सांवले रंग वाला युवक बैग चेक करने लगा। इसके बाद सांवले रंग वाले व्यक्ति ने बैग वापस कर दिया। जब तक कुछ समझता तब तक बाइक से दोनों भाग निकले। जब बैग खोला तो रुपये गायब थे। कोतवाली पुलिस के अनुसार मुकदमा दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है।
---------
हर सप्ताह हो रहीं टप्पेबाजी की घटनाएं
वाराणसी। शहर में हर सप्ताह टप्पेबाजी की घटनाएं हो रही है, लेकिन पुलिस सीसीटीवी खंगालने तक सीमित है। पखवारे भर पहले सोनभद्र के ठेकेदार से 7 लाख की हुई टप्पेबाजी की गुत्थी को कैंट पुलिस अब तक सुलझा नहीं पाई है। इसी तरह कमच्छा स्थित मंदिर पर महिला को मथुरा का पंडा बताकर दो टप्पेबाज गहने लेकर भाग निकले। भेलूपुर पुलिस अब तक फुटेज ही खंगाल रही है। इसी तरह लंका क्षेत्र में पिछले माह एक बुुजुर्ग को क्राइम ब्रांच बताकर दो युवकों ने ठग लिया था। सिगरा थाना क्षेत्र के महमूरगंज में पिछले माह सुपारी व्यापारी के गहने लेकर टप्पेबाज भाग निकले थे।