चिरईगांव। पंचराव गांव में रविवार की सुबह नींव खोदने के दौरान मारपीट और झाड़फूंक कर अशोक भारती (42) को मार डालने का आरोप पांच लोगों पर लगाया गया। पोस्टमार्टम के लिए शव बीएचयू मोर्चरी ले जाया गया तो जांच में अशोक की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई। इसे लेकर पुलिस के साथ ही परिजनों में भी हड़कंप मचा हुआ था।
चौबेपुर थाना अंतर्गत पंचराव गांव निवासी जयगुप्ता भारती के अनुसार वह और उसका भाई अशोक अपनी पुरानी जमीन में नींव खोद रहे थे। पड़ोस में रहने वाले निवर्तमान जिला पंचायत सदस्य के पति व प्रधान पद के प्रत्याशी फूलचंद राम और हरिदास से अशोक का एक अरसे से जमीन विवाद चल रहा था। नींव खोदने के दौरान ही फूलचंद, हरिदास व उसका पिता किशोरी, अंकित और विनय कुमार आकर गालीगलौज कर मारपीट शुरू कर दिए। इसके बाद मारपीट और झाड़फूंक कर अशोक को गंभीर रूप से घायल कर दिए। अशोक को पीएचसी चिरईगांव और सीएचसी नरपतपुर से होते हुए मंडलीय अस्पताल ले जाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उधर, इस संबंध में सीओ पिंडरा अभिषेक कुमार पांडेय ने बताया कि युवक जब घायल हुआ था तो जो तहरीर मिली थी, उसके आधार पर हमला संबंधी आरोपों में पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया था। हालांकि युवक के शरीर पर चोट का कोई निशान नहीं दिखा है। जांच में कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आई है। प्रथमदृष्टया आशंका है कि उसी की वजह से मौत हुई है। बाकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर प्रकरण में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-----------------------
दो बेटियों की करनी थी शादी, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
परिजनों ने बताया कि अशोक अपने चार भाइयों में सबसे बड़ा था। मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। अशोक की दो लड़कियों रीनू और रीना की अभी शादी नहीं हुई है। दोनों बेटियों के अलावा अशोक का एक पुत्र बृजेश बंगलूरू रहता है, जबकि दूसरा संदीप पिता के काम में हाथ बंटाने के साथ ही पढ़ाई भी करता है। अशोक की मौत के बाद उसके बेटे-बेटियों और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।