वाराणसी। मंडुवाडीह थाना अंतर्गत भिटारी गांव में लाठी से सिर पर वार कर ट्रॉली चालक रिंकू शाह (45) की हत्या कर दी गई। शुक्रवार की सुबह सूचना पाकर पुलिस पहुंची तो रिंकू के कमरे से शराब की खाली शीशियां और ग्लास पड़े मिले। आशंका जताई गई है कि रिंकू के करीबी दोस्तों ने ही उसकी हत्या की है। पुलिस संदिग्ध गतिविधियों वाले क्षेत्र के तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
महेशपुर से भिटारी मार्ग पर राजकुमार गुप्ता के मकान में बिहार के बेगूसराय का मूल निवासी रिंकू शाह विगत छह वर्ष से रहकर ट्रॉली चलाता था। रिंकू की पत्नी नीतू शाह बच्चों के साथ बेगूसराय में ही रहती है। स्थानीय लोगों ने बताया की रिंकू कुछ दिनों पूर्व ही गांव से घर आया था। शुक्रवार की सुबह रिंकू का एक परिचित उसका दरवाजा खटखटाया तो वह अपने से ही खुल गया। रिंकू अंदर बनियान व अंडरवियर पहने हुए खून से लथपथ निढाल पड़ा हुआ था। उसके सिर पर वार किया गया था। रिंकू के शव के समीप ही एक लाठी भी पड़ी मिली। लाठी पर खून की छींट पड़ी हुई थी। पुलिस ने परिजनों से बात की तो पता लगा कि रिंकू की पहली बीवी की मौत हो गई थी तो उसने फिर अपनी साली से शादी कर ली थी। दोनों पत्नियों से उसका एक लड़का और तीन लड़कियां हैं।
उधर, वारदात की सूचना पाकर मंडुवाडीह थाने की फोर्स के अलावा एडीसीपी काशी जोन विकास चंद्र त्रिपाठी और डीसीपी काशी जोन मौका मुआयना करने पहुंचे। इस संबंध में डीसीपी काशी जोन अमित कुमार ने बताया कि घटनास्थल के मुआयने के बाद यह प्रतीत हुआ है बृहस्पतिवार की रात ट्रॉली चालक के करीबी कुछ लोग उसके कमरे में आए थे। आशंका है कि उन्हीं लोगों ने ही शराब पीने के बाद वारदात को अंजाम दिया है। वारदात की वजह पता कर आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की तीन टीम गठित की गई है।