हरियाणा सरकार ने दिसंबर के पहले सप्ताह में हरियाणा से मुख्यमंत्री पुरस्कार प्राप्त 120 शिक्षकों और बेसिक शिक्षा विभाग के अफसरों की एक टीम काशी भेजी। टीम ने यहां करीब दो सप्ताह रुककर अलग-अलग विद्यालयों में पढ़ाई का मॉडल देखा। कुछ बच्चों से बात कर उनके वीडियो रिकॉर्ड किए। स्मार्ट क्लास को जिस तरह सभी मानकों के साथ लागू किया गया। उससे वह प्रभावित हुए और उसकी रिपोर्ट हरियाणा सरकार को दी। हरियाणा सरकार अब उसी मॉडल को अपने राज्य के बेसिक शिक्षा के विद्यालयों में लागू करेगी।
काशी के सेवापुरी ब्लॉक को प्रधानमंत्री ने गोद लिया है। यहां विद्यालयों में सबसे अधिक दौरा टीम ने किया। हरियाणा सरकार को दी रिपोर्ट में शिक्षकों ने कहा कि सभी विद्यालयों में स्मार्ट क्लास चलती मिली। पढ़ाई के साथ बच्चों को कंप्यूटर की बेसिक जानकारियां भी सिखाई जा रही हैं।
कुछ विद्यालयों में शिक्षकों ने बच्चों को लैपटॉप चलाना भी सिखाया है। वह मीटिंग का क्यूआर कोड बनाने से लेकर उसे शुरू करना जानते हैं। ई-मेल आईडी बनाने से लेकर उसके महत्व के बारे में बच्चों को जानकारी है। कक्षा 3 और 4 के बच्चे खुद से ऑनलाइन कक्षा में जुड़ना जानते हैं। ताकि भविष्य में कोविड जैसी स्थिति बनने पर पढ़ाई बाधित न हो।
विद्यालय का समय समाप्त हो जाने के बाद कक्षा में कमजोर बच्चों के लिए अलग से कक्षा की व्यवस्था की गई है। शिक्षक ऐसे बच्चों को अलग से पढ़ा रहे हैं ताकि उन्हें भी अन्य बच्चों के बराबर लाया जा सके। यह प्रयोग दो साल से हो रहा है।