हौसलों के आगे पहाड़ से लक्ष्य भी बौने साबित हो जाते हैं। शनिवार को हरिओम कुमार सिंह ने इस बात को सच कर दिखाया। कामयाबी के आसमान में हरिओम के हौसले की उड़ान विश्व कीर्तिमान पार कर गई।
कनाडा के रोनाल्ड फ्रांसिस हैबरलिंग के 61 घंटे 55 मिनट के लांगेस्ट मैराथन ड्राइंग कैरिकेचर बनाने के विश्व रिकॉर्ड तोड़ते हुए शनिवार की रात दस बजकर एक मिनट 16 सेकेंड पर 77 घंटे एक मिनट 16 सेकेंड का नया रिकॉर्ड बना डाला।
गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड के लिए हरिओम की इस शानदार कामयाबी ने समूची काशी को गौरवान्वित कर दिया है।गाजीपुर के मूल निवासी हरिओम कुमार सिंह ने कनाडा के रोनाल्ड फ्रांसिस हैबरलिंग के 61 घंटे 55 मिनट के लांगेस्ट मैराथन ड्राइंग कैरिकेचर बनाने के रिकॉर्ड को शनिवार की सुबह ही पीछे छोड़ दिया।
उन्होंने जैसे ही यह उपलब्धि हासिल की क्वींस इंटर कॉलेज का सभागार हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा। इसके बाद भी हरिओम के हाथ रुके नहीं और कामयाबी की नई गाथा रचते रहे।
रात आठ बजे तक लगातार कैरिकेचर बनाने का हरिओम का अभियान जारी था।क्वींस इंटर कॉलेज सभागार में हरिओम ने आठ नवंबर की शाम पांच बजे से अपने विश्व रिकॉर्ड अभियान की शुरुआत की थी।
उनके विश्व कीर्तिमान पार करने की खुशी उनके माता-पिता और परिवारवालों के साथ काशीवासियों ने हर-हर महादेव के जयघोष से मनाई। नाच-गाकर जश्न मनाया। हरिओम का हौसला बढ़ाने के लिए बड़ी संख्या में लोग क्वींस कालेज में जुटे रहे।