पुलिस कस्टडी से लगभग चार माह पूर्व फरार आरोपी गुरुवार को पुलिस के हाथ से तब फिर फिसल गया, जब वह मिर्जापुर जिले के बसही स्थित गांव में पकड़ने गई पुलिस टीम के दरोगा को धक्का मारते हुए सिपाही की ही बाइक लेकर भाग निकला। पुलिस ने पीछा कर पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह हाथ नहीं लगा। फरार आरोपी सलीम चार महीने पहले इलाहाबाद न्यायालय जाते समय पुलिस कस्टडी से भाग निकला था।
इस दुस्साहसिक घटना से पुलिस अवाक रह गई, वहीं इसकी क्षेत्र में तरह तरह की चर्चा है। थाने में मुठभेड़ की घटना दर्ज कर आरोपी की तलाश के लिए दबिश दी जा रही हैं। लालगंज थाना क्षेत्र के बासहीं कला निवासी आरोपी सलीम जनपद के अलावा इलाहाबाद तथा मध्यप्रदेश में वांछित है ।
उस पर हत्या, जानलेवा हमले समेत 20 मुकदमें दर्ज हैं। विगत कई वर्ष से यह आरोपी नैनी जेल में बंद था। चार माह पूर्व जेल से इलाहाबाद स्थित जिला न्यायालय लाए जातेे समय पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था। पुलिस इसकी तलाश कर रही थी।
मुखबीर के जरिये पता चला कि वह इन दिनों अपने गांव में छिपा हुआ है, जिसे पकड़ने के लिए जिले की क्राइम ब्रांच के साथ लालगंज थाने की पुलिस थाने से एक किलोमीटर की दूरी पर बसहीं कला गांव में गिरफ्तार करने के लिए पहुंची थी।
आरोपी पुलिस को देख एक खेत में छिप गया था। पुलिस तलाश कर ही रही थी कि इसी बीच वहां पर आरोपी एक सब इंस्पेक्टर को धक्का देते हुए फिल्मी स्टाइल में थाने के एक सिपाही राम दुलार की अपाचे बाइक लेकर फरार हो गया। पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी ने कहा कि दबिश के दौरान सलीम भाग गया था। दो टीमें गठित करके तलाश की जा रही है।