डीरेका में अप्रैंटिस के लिए जारी लिस्ट में गड़बड़ी का आरोप
- फोटो : demo photo
कार्मिक विभाग डीरेका की ओर से हाईस्कूल की मेरिट के आधार पर प्रशिक्षण के लिए चयनित अभ्यर्थियों की प्रोविजनल सूची में ‘हरामखोर’ और ‘जीएच’ भी चयनित हुए हैं। ऐसे कई और नाम हैं जो वेटिंग लिस्ट या डिसक्वालिफाई हुए अभ्यर्थियों को पच नही रहे हैं।
हैरान अभ्यर्थियों आवेदकों ने शुक्रवार को इस मसले पर न केवल डीरेका के जिम्मेदार अधिकारियों से वार्ता की बल्कि पीएम के संसदीय कार्यालय पर ज्ञापन सौंपा। लिस्ट में धांधली के आरोप लगाए जबकि डीरेका प्रशासन ने पूरी प्रक्रिया को ऑनलाइन बताते हुए ऐसी किसी आशंका को सिरे से खारिज किया।
कार्मिक विभाग डीरेका की ओर से 41वां बैच एक्ट अप्रैंटिस 2017 के तहत प्रशिक्षण के लिए चयनित अभ्यर्थियों की प्रोविजनल सूची 13 फरवरी को जारी हुई। हाईस्कूल की परीक्षा में प्राप्तांक प्रतिशत के आधार पर बनाई गई मेरिट के अनुसार चयनित कई ऐसे नाम हैं जिन पर कोई भी हैरान रह जाएगा।
जनरल अनरिजर्व्ड लिस्ट में 26वें नंबर पर ‘हरामखोर’, 27वें स्थान पर ‘एफवाईयूटीडीआर’, 34 वें स्थान पर ‘वाईएचयूजे’ का भी चयन हुआ है। जनरल अनरिजर्व्ड वेटिंग लिस्ट में 18वें स्थान पर ‘वाईयूवाईटीयू’ भी चयनित है। इससे केवल डीरेका कर्मचारी ही नहीं बल्कि आवेदक भी हैरान हैं।
लोग लिस्ट में धांधली का आरोप लगा रहे हैं। उनका कहना है कि जानबूझकर यह गड़बड़ी की गई है।
बता दें कि चयनित अभ्यर्थियों की प्रोविजनल सूची उनके अभ्यर्थिता तथा विभिन्न प्रपत्रों के सत्यापन के लिए जारी की जाती है। 23 फरवरी से चार मार्च तक अभ्यर्थिता तथा विभिन्न प्रपत्रों/ कागजात के सत्यापन के लिए अभ्यर्थियों को प्राचार्य, प्राविधिक प्रशिक्षण केंद्र, डीरेका में सुबह 10 बजे से बुलाया गया है।