वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पंचक्रोशी परिक्रमा के तीसरे पड़ाव रामेश्वर तीर्थ की जगह बाबतपुर फोरलेन से सटे हरहुआ गांव में छह जुलाई को आनंद कानन में नवग्रह वाटिका लगाएंगे। पर्यावरण के क्षेत्र में काम कर चुके 51 वृक्ष मित्रों की मौजूदगी में दैविक, दैहिक और भौतिक आधार पर पौधों का चयन कर उन्हें रोपा जाएगा। पीएम मोदी के हाथों स्थापित होने वाले नवग्रह वाटिका और आनंद कानन को पर्यटकों के लिए विकसित किया जाएगा। इसके बाद पीएम बड़ा लालपुर स्थित हस्तकला संकुल में प्रबुद्धजनों से संवाद कर भाजपा सदस्यता अभियान की शुरुआत करेंगे। बाबतपुर एयरपोर्ट पर स्थापित पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा का पीएम अनावरण करेंगे। बाबतपुर एयरपोर्ट पर आगमन के बाद पीएम मोदी सड़क मार्ग से ही भ्रमण करेंगे। पीएम के रामेश्वर तीर्थ जाने के कार्यक्रम में बदलाव किया गया है।
जल संचयन को लेकर शुरू किए गए अभियान के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छह जुलाई को देशव्यापी पौधरोपण अभियान की शुरुआत काशी से करेंगे। विशेष विमान से पीएम मोदी बाबतपुर एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे और यहां से फोरलेन से सटे हरहुआ गांव में विकसित होने वाले आनंद कानन की आधारशिला नवग्रह वाटिका से करेंगे। नवग्रह वाटिका में दैविक पौधे मदार, पलाश, खैर, चिचिड़ा, पीपल, गूलर, शमी, दूर्वा और कुशा, दैहिक पौधे नीम, बरगद, मालती और भौतिक पौधे पारिजात, बादाम, महुआ व आम को रोपेंगे। आनंद कानन को पर्यटकों के लिए विकसित किया जाएगा और पौधे लगाने के बाद उसकी जिम्मेदारी तय होगी। यहां से प्रधानमंत्री हस्तकला संकुल में समाज के प्रत्येक वर्ग के पांच पांच लोगों से भाजपा सदस्यता अभियान की शुरुआत करेंगे और लौटने से पहले एयरपोर्ट पर 70 लाख रुपये लागत से तैयार पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की 18 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण करेंगे।
सड़क के दोनों किनारे पौधे लेकर काशीवासी करेंगे स्वागत
पीएम मोदी के स्वागत में जगह जगह सड़कों के दोनों किनारे पौधे लेकर काशीवासी मौजूद रहेंगे। भाजपा प्रदेश सह प्रभारी सुनील ओझा, मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल सहित अन्य लोगों ने निरीक्षण किया। सुनील ओझा ने बताया कि पीएम के सदस्यता अभियान के शुभारम्भ के बाद पूरे देश मे भाजपा कार्यकर्ता अपने अपने जिला मुख्यालयों पर सदस्यता अभियान की शुरुआत करेंगे। काशी एवं गोरक्ष प्रांत के संगठन महामंत्री रत्नाकर ने बताया पार्टी ने पूरे 27 किलोमीटर के पंचक्रोशी परिक्रमा मार्ग पर वृक्षारोपण की योजना बनाई है। इसमें टीएफसी के सदस्यता प्रभारी क्षेत्रीय उपाध्यक्ष नागेंद्र रघुवंशी और पौधरोपण प्रभारी अशोक तिवारी बनाए गए हैं। इस दौरान जिला अध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा, विद्या सागर राय, पीयूष वर्धन सिंह, प्रभात सिंह, सुरेश सिंह, नवरतन राठी उपस्थित थे ।
शहर पहुंचे एसपीजी के अधिकारी
पीएम मोदी के प्रस्तावित दौरे से पहले सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने के लिए स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (एसपीजी) के अधिकारी सोमवार को वाराणसी पहुंचे। आईजी एसपीजी एस सुरेश मंगलवार को आएंगे और बाबतपुर एयरपोर्ट पर एएसएल बैठक करेंगे। पीएम के संभावित कार्यक्रम के मद्देनजर एसपीजी सुरक्षा आदि की जांच करेगी।