फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

धर्म नगरी काशी नए साल के स्वागत को तैयार, घाटों पर युवा मनाएंगे जश्न, आज रात यहां सजेगी महफिल

Tue, 31 Dec 2019 02:40 PM IST
गीतार्जुन गौतम न्यूज डेस्क, अमर उजाला, वाराणसी
विज्ञापन
प्रतीकात्मक तस्वीर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

बनारस नए साल के स्वागत के लिए तैयार हो गया है। गंगा पार रेती से लेकर सारनाथ तक नए साल के स्वागत में सतरंगी छटा बिखरेगी। तोहफों के साथ ही आनलाइन बाजार भी जश्न की तैयारी में सजे हुए हैं। होटल, मॉल और क्लब में 2020 के धूम की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। शहर के होटलों और डिस्को क्लब में डीजे नाइट और सेलेब्रिटी नाइट जश्न को यादगार बनाएंगे।

विज्ञापन


31 दिसंबर की रात में नए साल के स्वागत में अस्सी घाट, दशाश्वमेध घाट के साथ ही बनारस के घाटों पर युवा न्यू ईयर मनाते हैं। इसके साथ ही होटल ग्रेपवाइन में बालीवुड सिंगर मल्लिका और महक प्रस्तुति देंगी, तो वहीं एचएचआई (होटल हिंदुस्ताद), होटल प्रताप, पीएनयू क्लब, बनारस, क्लब, लायंस क्लब कैंट, ली लोटस ग्रांड होटल के साथ ही बनारस के होटल और क्लबों में नए साल के जश्न की तैयारी पूरी हो गई है।

धर्म और अध्यात्म की नगरी काशी में नववर्ष की शुरुआत मंदिरों में दर्शन-पूजन के साथ होगी। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में मंगला आरती के टिकटों की आनलाइन बुकिंग पूरी हो गई है। इसके अलावा बड़ा गणेश मंदिर, कालभैरव, संकट मोचन, दुर्गाकुंड, शनि मंदिर, बीएचयू विश्वनाथ मंदिर, कैथी स्थित मार्कंडेय महादेव, महामृत्यंजय, शूलटंकेश्वर समेत शहर के सभी मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं को रेला उमड़ेगा।

विज्ञापन

नववर्ष का खुमार अभी से चढ़ गया है। सुरसरि के तट पर भी नववर्ष का उल्लास बिखरेगा। गंगा पार रेती पर चौपाटी सजकर तैयार हो चुकी है। फूलों की मंडी भी नए साल के स्वागत के लिए सज चुकी है। इस बार कोलकाता और कश्मीर से फूलों को मंगाया गया है।

फूल विक्रेता राजेश कुमार का कहना है कि कश्मीर के फूलों से नए साल के स्वागत की तैयारी की जा रही है। नए साल के जश्न में युवाओं ने भी आउटिंग की प्लानिंग कर ली है। काशी विद्यापीठ पत्रकारिता विभाग में पढ़ने वाले युवाओं ने जल प्रपात क्षेत्रों में जाकर नए साल का जश्न मनाने के अलावा कुछ ने बजड़े पर जश्न की तैयारी की है।

होटल ग्रेपवाइन में बालीवुड सिंगर मल्लिका व महक का होगा धमाल
काशीवासियों को मनोरंजन और उल्लास का उपहार देने के लिए होटल ग्रेपवाइन ने ग्रैंड सेलीब्रेशन की तैयारी की है। 31 दिसंबर की शाम को मुंबई के कलाकार, होस्ट सिस्टर मल्लिका एवं महक मेहरोत्रा की प्रस्तुति के साथ ही अंतरराष्ट्रीय फायर वर्क्स मुख्य आकर्षण होंगे। होटल ग्रेपवाइन में एक्जक्यूटिव शेफ द्वारा 151 वेज एवं नानवेज डिशेज के साथ लैविश वुफे व अनलिमिटेड माकटेल एवं काकटेल के विभिन्न पैकेज का लुत्फ उठाया जा सकता है। बॉलीवुड रॉकस्टार सिस्टर मल्लिका एवं महक मेहरोत्रा का कार्यक्रम शाम 7 बजे से नए साल की दस्तक तक चलेगा।

होटलों में जश्न का माहौल
होटल संचालक रवि और अभिषेक ने बताया कि शहर के अलग-अलग होटलों में न्यू इयर नाइट, वाराणसी नाइट लाइफ, न्यू इयर ईव जैसे आयोजन नए साल के आने की खुशी में आयोजित किए जा रहे हैं। नए साल के स्वागत में शहर के मॉलों को भी सजाया गया है। कई होटलों और डिस्को में कपल, सिंगल और लेडिज के लिए अलग-अलग इंतजाम किए गए हैं। इसमें डीजे, लाइव बैंड, डीजे नाइट, डीजे रॉक 31 दिसंबर को यादगार बनाएगी। इसके अलावा इंडियन, मैक्सिकन, चाइनीज और इटैलियन के लगभग 150 तरह के व्यंजन शामिल हैं। करकरमत्ता स्थित होटल में अरेबिया नाइट का आयोजन हो रहा है।
विज्ञापन

क्लब भी तैयार
नई उम्मीदें, नए सपने, नए संकल्प और नई ऊर्जा के साथ नए साल का स्वागत करने को सभी तैयार हैं। साल के अंतिम दिन को यादगार विदाई देने के लिए हर कोई कुछ न कुछ नया सोच रहा है। इसमें महिला क्लबों में नए साल का जश्न मनाने की खास तैयारी की जा रही है। खत्री हितकरणी सभा, जेसीआई क्लब, इनरव्हील क्लब, लांयस क्लब, रोटरी क्लब के अलावा कई अन्य महिला क्लबों की ओर से जश्न-ए-2020 का आयोजन होगा।

सोमवार को पुलिस की ओर से एडवाइजरी जारी की गई। एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने बताया कि जिस स्थान पर लोग एकत्र होकर जश्न मनाएं, उसके लिए पुलिस और प्रशासन से अनुमति जरूर लें। यदि जश्न के दौरान शराब परोसी जाए तो अस्थायी बार का लाइसेंस अनिवार्य रूप से लें। रात 12:30 बजे के बाद पार्टी नहीं होने दी जाएगी। रात 10 बजे के बाद डीजे नहीं बजाने दिया जाएगा और पटाखे भी नहीं फोड़ने दिए जाएंगे। शराब पीकर वाहन चलाने वाले पुलिस की कार्रवाई की जद में आएंगे। इसके लिए सभी थानाध्यक्ष अपने क्षेत्र में ब्रेथ एनालाइजर लेकर चेकिंग करेंगे। शराब पीकर सड़क पर हुड़दंग करने वालों से पुलिस सख्ती से पेश आएगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें