पढ़ाई में नंबर वन है दोनों बेटियां
कैवल्यधाम निवासी डॉ. रीता भट्ट व प्रो. राजीव कुमार भट्ट की दो बेटियां हैं और दोनों पढ़ाई में जिले में टॉप कर चुकी हैं। प्रो. राजीव बीएचयू अर्थशास्त्र विभाग में सीनियर प्रोफेसर हैं, वो कहते है बेटियां हमारे घर की रौनक है। डॉ. राजीव की बड़ी बेटी श्रुति भट्ट इस वक्त आगरा मेडिकल कॉलेज में इंटर्नशिप करने के साथ कोरोना मरीजों की सेवा में कार्यरत हैं। श्रुति ने 2014 की आईएससी इंटर की परीक्षा में जिले में टॉप किया था। श्रुति का सपना भविष्य में सफल चिकित्सक के रूप में समाज की सेवा करना है।
डॉ. रीता की छोटी बेटी अनुश्री ने 2020 के आईसीएसई बोर्ड दसवीं की परीक्षा में 97. 6 प्रतिशत अंकों से सेंट जॉन्स स्कूल में टॉप करने के साथ जिले में भी अपना स्थान बनाया है। अनुश्री हमेशा इंटर स्कूल डिबेट प्रतियोगिता में भाग लेती रहती हैं। 2019 में अनुश्री ने इंटरडिबेट प्रतियोगिता में जिले में प्रथम स्थान हासिल कर प्रदेश में जोन को रिप्रेजेंट कर चुकी है। अनुश्री का सपना आईएएस अधिकारी बनने का है।
चोरी से सीखा कराटे आज देश की कर रही सेवा
लहरतारा निवासी अनीता प्रजापति आज उतराखंड के आईटीबीपी टीम में बतौर कैडेट शामिल हो चुकी हैं। लेकिन उनका यहां तक पहुँचना काफी संघर्षों भरा था। अनीता के पिता चंद्रिका प्रसाद व माता गिरिजा देवी कुल्हड़ बनाने का काम करते हैं। अनिता बताती है कई बार ऐसा लगा कि मेरी पढ़ाई छूट जाएगी लेकिन मैंने हिम्मत नहीं हारी। अनीता ने कक्षा आठ से ही मानव एकेडमी में कराटे सीखना शुरू कर दिया था। घरवाले इसके पक्ष में नहीं थे। अनीता ने चोरी चोरी पूरी लगन से ब्लैक बेल्ट हासिल किया और नेशनल में पदक नहीं जीता। जैसे ऑल इंडिया वूमेन कराटे चैंपियनशिप 2010, अंतर्राष्ट्रीय वाडोकाई कराटे चैंपियनशिप 2011, एसकेएसआई नेशनल कराटे चैंपियनशिप 2015, 26, 27, 28 एआईकेएफ नेशनल कराटे चैंपियनशिप के साथ कई अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में गोल्ड मेडल जीत चुकी है।
पिता के जाने के बाद नहीं छोड़ा मां का साथ -
चेतगंज निवासी मीनू उपाध्याय अपनी मां की इकलौती संतान है। उनकी मां विद्या देवी बताती हैं कि बेटी मीनू बेटों से बढ़कर है। मीनू के सिर से पिता का साया बचपन में ही उठ गया था, उस वक्त भी मीनू ने मुझे संभाला और वो मेरी ताकत बनी। अपनी मेहनत और लगन से उनसे अपनी पढ़ाई पूरी की। कभी- कभी ऐसा होता कि मेरी तबीयत खराब होती तो वह मेरे सिरहाने बैठकर पूरी रात गुजार देती थी। शादी के बाद भी ससुराल की जिम्मेदारियां संभालते हुए उसने कभी मेरा साथ नहीं छोड़ा। दोनों परिवारों की जिम्मेदारियां संभालते हुए आज भी वो मेरे लिए अपने ससुराल को छोड़कर मेरे साथ रह रही है।