फोटो संवाद न्यूज एजेंसी वाराणसी। वाराणसी मंडल की बालिका हैंडबॉल टीम ने सोमवार को शानदार प्रदर्शन कर अयोध्या को हराकर अंडर-17 और अंडर-19 के फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मंगलवार को झांसी के मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में खेला जाएगा। 68वीं प्रादेशिक हैंडबॉल प्रतियोगिता के अंडर-17 बालिका वर्ग के सेमीफाइनल में वाराणसी ने अयोध्या को 23-5 से हराया। स्ट्राइकर सताक्षी पटेल ने दाहिने छोर से आक्रमण की शुरुआत की। नैना यादव और शिवांगी पांडेय के पास से काजल पटेल और सुरम्या पाठक ने गोल कर अयोध्या को संकट में डाल दिया। अंतिम सीटी बजने तक स्कोर वाराणसी के पक्ष में 23-5 पहुंच चुका था। सताक्षी ने छह, नैना यादव और शिवांगी पांडेय ने चार-चार, काजल पटेल ने तीन, सुरम्या पाठक, प्रीति यादव व प्रीति पटेल ने दो-दो गोल किए।
अंडर-19 आयु वर्ग के सेमीफाइनल में वाराणसी ने अयोध्या को 13-3 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। वाराणसी की ओर से काजल यादव ने एकल प्रयास से अयोध्या की डिफेंस लाइन को छकाकर छह गोल किए। स्नेहा चौहान और स्नेहा मौर्या ने भरपूर सहयोग किया। लंबी सीटी बजने तक स्कोर 13-3 रहा। वाराणसी की काजल यादव ने छह, स्नेहा चौहान ने तीन, स्नेहा मौर्या ने दो, सानिया हाशमी व रितिका पटेल ने एक-एक गोल किया।