सीनियर राज्य स्तरीय महिला हैंडबॉल प्रतियोगिता की रजत पदक विजेता वाराणसी की टीम।
काशी की हैंडबाॅल टीम ने प्रयागराज में सीनियर राज्य स्तरीय महिला हैंडबॉल आमंत्रण प्रतियोगिता में रजत पदक जीता। एक समय वाराणसी और अयोध्या का स्कोर 26-26 था। मैच खत्म होने से दो मिनट पहले अयोध्या ने लगातार तीन गोल कर फाइनल मुकाबला जीता। इससे वाराणसी की टीम स्वर्ण पदक जीतने से चूक गई।
खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश की ओर से बृहस्पतिवार को हुए हैंडबाॅल के फाइनल में अयोध्या और वाराणसी के बीच पूरे मैच के दौरान कांटे का मुकाबला देखने को मिला। वाराणसी की ओर से प्रीति पटेल और प्रीति यादव ने वार शुरू किए और अयोध्या की टीम के संभलने से पहले ही दो गोल करके काशी को 2-0 से आगे कर दिया। दो गोल से पीछे होने के बाद अयोध्या की टीम ने काउंटर अटैक शुरू किया। इसके बाद दोनों टीमों की खिलाड़ियों ने लगातार गोल करने शुरू किए। मैच के हाफटाइम तक स्कोर 15-15 रहा।
दूसरे हाफ में वाराणसी की अनीशा सिंह और काजल पटेल ने विरोधी टीम पर लगातार अटैक किए। मैच में कभी वाराणसी की टीम तो कभी अयोध्या की टीम आगे रही। मैच समाप्त होने के पांच मिनट पहले दोनों टीमें 26-26 गोल से बराबरी पर थीं। इसके बाद मैच समाप्त होने में सिर्फ दो ही मिनट बचे थे। इसके बाद वाराणसी की डिफेंस लाइन में आई दरार का फायदा उठाकर अयोध्या ने लगातार तीन गोल फाइनल जीत लिया।