वाराणसी। अलग-अलग समस्याओं के समाधान का विकल्प तलाशने के उद्देश्य से आयोजित स्मार्ट इंडिया हैकथान की विजेता टीम की घोषणा मंगलवार को हुई। बीएचयू स्थित नोडल सेंटर में भाग लेने वाली 39 टीमों में आठ टीमें विजेता बनीं। मानव संसाधन विकास मंत्रालय के निर्देशन में एक से तीन अगस्त तक चले हैकथान में बीएचयू सेंटर से जुड़ी अलग-अलग जगहों की 39 टीमों ने एयरपोर्ट अथॉरिटी की ओर से दी गई आठ समस्याओं के समाधान की तलाश की।
प्रो. कविता शाह की देखरेख में हुए आयोजन के बारे में सह संयोजक डॉ. मनीष अरोरा ने बताया कि विजेता टीम के बताए समाधान पर आगे काम किया जाएगा। बतौर मुख्य अतिथि भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के महाप्रबंधक सूचना प्रौद्योगिकी एसके मलिक ने कहा कि हैकथान एक ऐसा प्लेटफॉर्म है, जो विद्यार्थियों को नवाचार के लिए प्रेरित करता है। इस दौरान डॉ. अंशुल शर्मा, डॉक्टर चंद्र शेखर आजाद, डॉ. जय नाथ यादव, डॉ. अजय कुमार, योगेंद्र रोहिला, डॉ .आशुतोष सिंह के साथ ही कंप्यूटर सेंटर के प्रोफेसर विवेक सिंह और उनकी टीम, डॉ. धीरेंद्र राय, रवि शेखर सहित अन्य लोगों ने भी कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भागीदारी की।
ये आठ टीमें रहीं विजेता
पहली विजेता एके-9 टीम अगेंस्ट द करंट पुणे- लापता विमानों की अंतिम ज्ञात स्थिति से खोज क्षेत्र की गणना और प्लॉटिंग द्वारा खोज और बचाव में सहायता के लिए एक सॉफ्टवेयर टूल विकसित किया।
दूसरी विजेता एके-10 अवसोम केस- भोपाल- हवाई अड्डे मानचित्रण डेटाबेस रेटिंग करना।
तीसरी विजेता टीम एके-11 टेक हैकर्स मुरादाबाद- विभिन्न सीएनएस/ एटीएम सुविधाओं के विफलता-मुक्त संचालन के लिए एक वेब आधारित सॉफ्टवेयर बनाया, जिसका रखरखाव दैनिक, साप्ताहिक, मासिक, छह-मासिक और वार्षिक आधार पर किया जा सके।
चौथी विजेता एके 12 कोलकाता पेन्टियमरिबूट-इन्वेंटरी मैनेजमेंट सिस्टम के लिए क्यूआर कोड आधारित मोबाइल एप्लिकेशन बनाया।
पांचवीं विजेता टीम एके-13 विजयवाड़ा- प्रौद्यौगिकी का उपयोग करके हवाई अड्डे की सुविधाओं और उपयोगिताओं के प्रतिशत उपयोग के लिए डेटा एनालिटिक्स पर आधारित एक दृश्य डैशबोर्ड का निर्माण किया।
छठी विजेता टीम एके-14 अहमदाबाद- आईओटी का उपयोग कर एक मोबाइल आधारित समय प्रबंधन प्रणाली।
सातवीं विजेता टीम एके 15 महाराष्ट्र- ब्लॉक चेन के माध्यम से ज्ञान प्रबंधन प्रणाली एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर काम किया।
आठवी विजेता टीम एके-16 पंजाब- मशीन लर्निंग का उपयोग करके मोबाइल एप्लिकेशन आधारित यात्री सुविधा प्रणाली के लिए सॉफ्टवेयर का निर्माण।