Gyanvapi Case : ज्ञानवापी स्थित व्यासजी के तहखाने की छत की मरम्मत की अनुमति मांगी गई है। व्यासजी के तहखाने के पुजारी ने कहा कि ज्ञानवापी में नमाजियों की बढ़ती संख्या के चलते ऊपर के फर्श पर अधिक दबाव पड़ रहा है. ऐसे में इस पर नियंत्रण की जरूरत है।
जिला जज की अदालत से ज्ञानवापी स्थित व्यासजी के तहखाने की छत मरम्मत की मांग की गई है। इस पर 19 मार्च को सुनवाई होगी।
विज्ञापन
शैलेंद्र कुमार पाठक व्यास के अनुसार, व्यासजी के तहखाने के पुजारी ने फोटोग्राफ भेजकर बताया कि पूजास्थल के पास पत्थर से बनी दीवारें और छत पुरानी, जर्जर है। छत से लगातार पानी का रिसाव हो रहा है। छत पर लगे एक पत्थर की बीम में दरार पड़ गई है।
व्यासजी के तहखाने में पूजा शुरू होने के बाद ज्ञानवापी में नमाजियों की संख्या अचानक बढ़ गई है। इसके चलते छत के ऊपर दबाव बढ़ा है। गत 15 फरवरी को नमाज के समय एकत्र भीड़ के दबाव से छत में कंपन हुआ और विग्रह चबूतरे के ठीक बगल एक पत्थर टूट कर गिर गया। ऐसी स्थिति में पुजारियों को गंभीर चोट लगने की आशंका है।
लिहाजा, पूजा स्थल के छत की अंदर से मरम्मत आवश्यक है। साथ ही, छत की जर्जर स्थित के दृष्टिगत बहुत संख्या में लोगों के वहां एकत्र होने पर भी नियंत्रण की आवश्यकता है। व्यासजी के तहखाने की छत की मरम्मत के संबंध में रिसीवर नियुक्त किए गए जिलाधिकारी को इस संबंध में अवगत कराया गया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई।