हम फैसले को चुनौती देने के लिए उच्च न्यायालय के वरिष्ठ वकीलों से परामर्श कर रहे हैं। अभी तक ज्ञानवापी से जुड़े 13 मामले चल रहे हैं। कोर्ट के आदेश के बाद देश में और मामले दर्ज होंगे। अब जब कुछ लोग देश का माहौल खराब करना चाहते हैं, तो हम क्या कर सकते हैं? हम अपनी कानूनी लड़ाई जारी रखेंगे।
- एसएम यासीन, संयुक्त सचिव, अंजुमन इंतजामिया मसाजिद कमेटी
यदि मुस्लिम पक्ष उच्च न्यायालय का रुख करता है, तो हम भी वहां जाएंगे और एक कैविएट दायर करेंगे। ताकि उच्च न्यायालय हिंदू पक्ष को सुने बिना कोई आदेश न दे।
- विष्णु जैन, हिंदू पक्ष के अधिवक्ता
जिला अदालत का आदेश न्यायोचित नहीं है और हम उच्च न्यायालय का रुख करेंगे। जिला जज के आदेश का अध्ययन कर रहे हैं। जल्द ही इस आदेश को उच्च न्यायालय में चुनौती देंगे।
- मेराजुद्दीन सिद्दीकी, मुस्लिम पक्ष के अधिवक्ता
देश में धर्म के नाम पर नफरत नहीं फैलने दी जाएगी। ज्ञानवापी मामले में हम हिंदू पक्ष के साथ हैं, क्योंकि हमारा उद्देश्य (मुगल शासक) औरंगजेब की ओर से लगाए गए कलंक को दूर करना है। इस्लाम का सम्मान हिंदुओं के अधिकारों को उन्हें सौंपने में है।
- नाजनीन अंसारी, प्रमुख, मुस्लिम महिला फाउंडेशन
ज्ञानवापी की संरचना की उम्र की सच्चाई जानने के लिए कार्बन डेटिंग की मांग की जाएगी। अदालत में इस ढांचे की आयु का पता लगाने के लिए प्रक्रिया अपनाने की मांग करेंगे।
- लक्ष्मी देवी, पांच याचिकाकर्ता में एक
ज्ञानवापी मामले में सोमवार को आए आदेश के बाद से कमिश्नरेट पुलिस सतर्क है। एहतियातन मंगलवार को भी काशी और वरुणा जोन की पुलिस ने संवेदनशील इलाकों में फुट पेट्रोलिंग की और धर्म गुरुओं और प्रबुद्ध जनों से संवाद किया। वहीं, सोशल मीडिया पर 24 घंटे पुलिस की निगरानी है।
पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश के निर्देश पर श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर के आसपास सुरक्षा बढ़ाने के साथ ही क्यूआरटी को तैनात किया है। कमिश्नरेट एरिया में लागू सेक्टर स्कीम और सीमा पर चौकसी लगातार बरती जा रही है। सुबह और शाम पुलिस ने फुट पेट्रोलिंग करते हुए इलाकों में लोगों से संवाद किया।
भेलूपुर के बजरडीहा, मदनपुरा, बेनिया, नई सड़क, दालमंडी, चौक, पीलीकोठी, सरैया और अन्य क्षेत्रों में पुलिस ने गश्त करते हुए लोगों से शांति व अमन चैन कायम रखने की अपील की। पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश के अनुसार शहर में शांति और कानून व्यवस्था को कायम रखने की अपील को लेकर इलाकों में पेट्रोलिंग जारी है।