मुंबई, बंगलूरू और हैदराबाद का किराया तीन गुना, विदेश का किराया 30% बढ़ा
गर्मी की छुट्टियां शुरू हो चुकी हैं। ऐसे में बच्चे अपने अभिभावकों के साथ अलग-अलग शहरों में छुट्टियां बिताने जा रहे हैं। वहीं दूसरी ओर देश में ईंधन की बढ़ती कीमतों के चलते विमानन कंपनियों ने किराये में भारी बढ़ोतरी कर दी है।
मुंबई, बंगलूरू और हैदराबाद के किराये में जहां दो से तीन गुना तक वृद्धि हुई है, वहीं विदेश जाने वाली उड़ानों के किराये में करीब 30 प्रतिशत तक बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी के कारण लोग हिल स्टेशनों की ओर रुख कर रहे हैं। लोग बच्चों और परिवार के साथ शिमला, दार्जिलिंग, मेघालय, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड के विभिन्न शहरों की यात्रा पर जा रहे हैं। विमानन कंपनियों ने किराये बढ़ा दिए हैं।
मुंबई का किराया, जो सामान्य दिनों में चार से छह हजार रुपये के बीच होता था, अब 13 से 15 हजार रुपये तक पहुंच गया है। दिल्ली जाने के लिए जहां आम दिनों में 2500 से 3000 रुपये खर्च होते थे, वहीं अब यह बढ़कर 5200 से 5500 रुपये तक पहुंच गया है। बंगलूरू का किराया 10 हजार रुपये से अधिक हो गया है, जबकि हैदराबाद का किराया भी करीब 10 हजार रुपये है। वहीं, कोलकाता जाने के लिए सिंगल स्टॉप उड़ानों का किराया 13 से 15 हजार रुपये तक पहुंच गया है।
वाराणसी कोर्ट।
- फोटो : Amar Ujala
ज्ञानवापी : पुराने वाद की रिव्यू याचिका पर 13 जुलाई को सुनवाई
जिला जज संजीव शुक्ला की अदालत में शुक्रवार को ज्ञानवापी प्रकरण के सबसे पुराने वाद प्राचीन मूर्ति आदि विशेश्वर बनाम अंजुमन इंतेजामिया एंड अदर्स की रिव्यू याचिका पर सुनवाई नहीं हो सकी। ऐसा एक अधिवक्ता के निधन और श्रद्धांजलि सभा की वजह से हुआ। मामले की सुनवाई 13 जुलाई को होगी। यह मूल वाद वर्ष 1991 में दाखिल किया गया था।
आवेदिका अनुष्का तिवारी ने इस वाद को ज्ञानवापी के अन्य मामलों के साथ जोड़कर मुख्य वाद बनाए जाने का अनुरोध किया था। साथ ही स्थानांतरण प्रार्थना पत्र दाखिल किया था। इस मामले में विजय शंकर रस्तोगी और अंजुमन इतेजामिया मसाजिद कमेटी की तरफ से आपत्ति दाखिल की जा चुकी है। दूसरी तरफ, यूपी सुन्नी वक्फ बोर्ड की तरफ से अदालत में कोई उपस्थित नहीं हो सका। वहीं, काशी के मंदिरों और मठों के प्रमुखों ने रिव्यू याचिका के पक्ष में शपथ पत्र भी दिया है।
आरोपियों के साथ पुलिस।
- फोटो : संवाद
कैंट स्टेशन के सामने अंग्रेजी शराब बिक्री करने के तीन आरोपी गिरफ्तार
सिगरा थाना क्षेत्र के विजयनगरम मार्केट में बीती रात पुलिस ने भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में जलालपुर (जौनपुर ) निवासी सोनू यादव, संदीप यादव और चौबेपुर निवासी शिवपूजन यादव हैं। यह सभी कैंट रेलवे स्टेशन के सामने रात्रि में आने जाने-वाले ग्राहकों को बिक्री कर रहे थे। अंग्रेजी शराब की विभिन्न ब्रांड की 35 बोतल, देसी शराब की 16 व बीयर का 41 कैन बरामद हुए हैं।
शराब की दुकान पर मारपीट, बीएचयू का छात्र गिरफ्तार
लंका थाना क्षेत्र के नरिया में शराब की दुकान पर शुक्रवार को दो पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि बीच बचाव करने आए साकेत नगर निवासी चंद्रमा पटेल और उनके साथी पर भी हमला किया गया। चंद्रमा के सिर में गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया।
थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार शर्मा ने बताया कि बीएचयू से एमए करने वाले और मूलरूप से गाजीपुर के छात्र को हिरासत में लिया। दो छात्रों और खोजवा के दो युवकों में विवाद हुआ और युवक ने दोनों छात्रों की पिटाई कर दी।
इस बीच छात्रों ने कैंपस से 30 साथियों को बुला लिया और युवक की जमकर पिटाई की। छात्रों ने शराब की दुकान समेत फास्टफूड की दुकानों में तोड़फोड़ की। 20 मिनट तक छात्रों को कोई नियंत्रित नहीं कर सका। संकट मोचन चौकी पुलिस भी छात्रों का उत्पात देख मौके पर पहुंचने की हिम्मत नहीं जुटा सकी थी।
नाबालिग को बहलाकर ले जाने में प्राथमिकी दर्ज
चोलापुर थाना क्षेत्र के गांव निवासी व्यक्ति ने 14 साल की पुत्री को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाते हुए चार लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कराया है। पीड़ित के अनुसार नौ मई को आदित्य राय उर्फ लक्खू नाबालिग को भगा ले गया था। पुलिस ने उस समय किशोरी को बरामद कर परिजनों को सौंप दिया था। आरोप है कि 19 मई को आदित्य राय दोबारा शादी का भरोसा देकर उसे अपने साथ ले गया। सोनू शर्मा, ओमप्रकाश यादव और छोटू राय ने सहयोग किया। थाना प्रभारी सधुवन राम गौतम ने बताया कि कार्रवाई की जा रही है।
रंजिश में युवक की पिटाई
मिर्जामुराद क्षेत्र के बेनीपुर गांव में रंजिश को लेकर दो युवकों ने एक युवक की लाठी से पिटाई कर दी। घायल युवक ने मिर्जामुराद थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय निवासी श्रवण पटेल का आरोप है कि बृहस्पतिवार सुबह 11 बजे गांव के गोलू बिंद और संदेश ने गालीगलौज की और विरोध करने पर पीटा। थाना प्रभारी सधुवन राम गौतम ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
अवैध मिट्टी खनन में तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली सीज
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के कछवा रोड स्थित ठटरा अंडरपास के पास बृहस्पतिवार देर रात अवैध मिट्टी खनन की सूचना पर खनन विभाग और पुलिस टीम ने छापा मारा। मौके से तीन मिट्टी लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़कर सीज कर दिया। चालक वाहन छोड़कर भाग निकले। खनन निरीक्षक अनुज कुमार और मिर्जामुराद पुलिस ने घेराबंदी कर क्षेत्र में अभियान चलाया। थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाह ने बताया कि अवैध खनन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
सगी बहनों को फोन कर आरोपी करता था परेशान
रोहनिया थाना क्षेत्र की दो सगी बहनों को मोबाइल पर फोन कर अश्लील भाषा का प्रयोग करने के मामले में आरोपी युवक के खिलाफ पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस को तहरीर में पीड़िता के पिता ने बताया कि युवक अलग-अलग मोबाइल नंबरों से कॉल कर बेटियों को परेशान करता है।
आरोप है कि 12 जून को दोनों बहनें अपने भाई के साथ सब्जी खरीदने जा रही थीं। इसी दौरान युवक ने रास्ते में रोककर छेड़खानी की। विरोध करने पर उसने भाई को जान से मारने की धमकी दी। प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह ने बताया कि मोबाइल नंबरों की जांच की जा रही है।
मारपीट के मामले में प्राथमिकी दर्ज
कैंट थाना क्षेत्र के फुलवरिया स्नूरुद्दीन शहीद इलाके में पड़ोसियों के बीच मारपीट हुई। मंसूर आलम ने कैंट थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि आरोपी शराब के नशे में आए दिन गालीगलौज और विवाद करते हैं, जिससे मोहल्ले का माहौल खराब हो रहा है। पीड़ित के अनुसार, बबलू, मोनू, अफरीदी, राजन, साहिल और राजा रास्ते में बच्चों के साथ भी अभद्र व्यवहार करते हैं।
घर के बाहर गालीगलौज का विरोध करने पर दोनों पक्षों में मारपीट हो गई, जिसमें कुछ लोगों को चोटें आईं। आरोप है कि जब वह मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराने का प्रयास कर रहे थे, तभी उन पर पत्थर से हमला कर दिया गया, जिससे उनके पैर में चोट आई। थाना प्रभारी राजकिशोर पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
वरुणा जोन में 13 दरोगाओं का बदला कार्यक्षेत्र
डीसीपी वरुणा जोन प्रमोद कुमार ने शुक्रवार शाम 6 चौकी पर नए इंचार्ज समेत 13 दरोगाओं के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है। पर्यटक थाने से देवेंद्र कुमार दूबे को चौकी इंचार्ज गोसाईगंज, चौकी इंचार्ज गोसाईगंज विपिन पांडेय को कैंट थाना, एसआई राघवेंद्र मौर्य को चौबेपुर थाना क्षेत्र का चांदपुर चौकी इंचार्ज, चौकी प्रभारी चांदपुर रोशन कुमार राय को लालपुर-पांडेयपुर थाना, चौकी प्रभारी कस्बा लोहता ऋतुराज मिश्रा को चौकी प्रभारी कोटवा, चौकी प्रभारी कोटवा से मो. परवेज को रोहनिया थाना, चौकी प्रभारी कांशीराम आवास शिवपुर प्रवीण सचान को चौकी प्रभारी लहरतारा बनाया गया। वहीं, चौकी प्रभारी लहरतारा राहुल सिंह को कैंट थाने, लालपुर-पांडेयपुर थाने से अंबरीश दूबे को चौकी प्रभारी कांशीराम आवास शिवपुर, एसआई ऋतुराज सिंह को लोहता थाने से चौकी प्रभारी कस्बा लोहता बनाया गया। रोहनिया थाना से प्रदीप कुमार को शिवपुर थाने का एसएसआई और एसआई भीम ठाकुर को डीसीपी कार्यालय से संबद्ध किया गया।
बकरीद : सुरक्षा पर मंथन, ड्रोन से होगी निगरानी
बकरीद (ईद-उल-अजहा) को शांतिपूर्ण कराने को लेकर पुलिस अलर्ट मोड में है। शुक्रवार को अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था और मुख्यालय शिवहरी मीणा ने पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंसवाल, एसीपी चेतगंज शुभम सिंह के साथ ईदगाहों, मस्जिदों, बाजारों और संवेदनशील इलाकों का निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, यातायात प्रबंधन, ड्रोन व सीसी कैमरों से निगरानी, पुलिस पिकेट और साफ-सफाई समेत आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। थाना प्रभारियों को गश्त और मोबाइल पेट्रोलिंग का निर्देश दिया गया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। कुर्बानी स्थलों पर शासन की गाइडलाइन का पालन करना होगा साथ ही प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी नहीं होगी।
कचहरी में फर्जी अधिवक्ता होने की शिकायत पर जांच
कचहरी परिसर में अधिवक्ता की कुर्सी पर बैठे सुरही थाना फूलपुर निवासी एक व्यक्ति से जांच कमेटी ने अधिवक्ता होने के दस्तावेज मांगे। सोशल मीडिया पर खुद को अधिवक्ता लिखकर कचहरी में पैरवी करने की शिकायत मिलने पर उन्हें कड़ी हिदायत भी दी गई। कई महीनों से सेंट्रल बार एसोसिएशन, बनारस बार एसोसिएशन और जांच कमेटी को आरोपी के खिलाफ शिकायतें मिल रही थीं। आरोपी ने कहा कि उन्होंने कभी किसी पद या पहचान का दुरुपयोग नहीं किया। साथ ही सोशल मीडिया से एडवोकेट शब्द हटाने का आश्वासन दिया।
ट्रेन से कटकर युवक की मौत
रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर तीन पर शुक्रवार को ट्रेन से कटकर गोलू उर्फ चिरागन (20) की मौत हो गई। सूचना मिलने पर स्टेशन मास्टर ने कैंट जीआरपी को घटना से अवगत कराया। मौके पर पहुंची जीआरपी ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक लखमीपुर थाना लोहता का निवासी था। परिजनों के अनुसार वह पिछले एक सप्ताह से इधर-उधर घूम रहा था। थाना प्रभारी दिगंबर उपाध्याय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
थाने पर व्यापारियों और अधिवक्ताओं ने दिया धरना
लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र में वाराणसी-आजमगढ़ रोड पर जमीन का विवाद शुक्रवार को उस समय बढ़ गया, जब दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। घटना के बाद दोनों पक्षों के समर्थक, व्यापारी और अधिवक्ता थाने पहुंच गए और पुलिस के खिलाफ धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया।
विवादित जमीन को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। पैरवी करने पहुंचे पांडेयपुर व्यापार मंडल के महामंत्री शैलेष गुप्ता पर भी हमले का आरोप है। दोनों पक्षों की ओर से थाने में तहरीर दी गई है। एक पक्ष से सोनी गुप्ता और दूसरे पक्ष से नेहा गुप्ता ने शिकायत दर्ज कराई है। थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
डॉक्टर पर रुपये लेकर रॉड न लगाने का आरोप
जिला अस्पताल के एक डॉक्टर पर पैसे लेकर मरीज को रॉड न लगाने का आरोप लगा है। सोशल मीडिया पर इस प्रकरण से जुड़ा एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक महिला मरीज के परिजनों ने जिला अस्पताल के एक आर्थोपेडिक (हड्डी रोग) डॉक्टर पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का दावा है कि डॉक्टर ने मरीज के पैर में रॉड डालने के नाम पर सात हजार लिए, लेकिन ऑपरेशन के दौरान पैर में कोई रॉड नहीं डाली गई।
पूरा मामला फरवरी का बताया जा रहा है। महिला का कहना है कि उन्होंने डॉक्टर की मांग पर 7000 रूपये की रकम दे दी थी। सीएमएस डॉ. आरएस राम ने बताया कि अभी तक इस प्रकार की कोई शिकायत नहीं आई है। जैसे ही शिकायत मिलती है, जांच कराई जाएगी और दोषियों पर कार्रवाई होगी।
बिना नंबर के पांच वाहन सीज, 65 का चालान
सिगरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम पुलिस ने अभियान चलाकर 6 अतिक्रमणकारियों को हटाया। कैंट स्टेशन के सामने परेडकोठी क्षेत्र में भी ठेले, खोमचों वालों को हटाते हुए बिना नंबर के पांच वाहनों को सीज किया गया। 65 वाहनों का चालान किया गया।
सिगरा इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि अतिक्रमण करने वालों को कड़ी हिदायत दी गई कि दोबारा अतिक्रमण पाए जाने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। कैंट रेलवे स्टेशन, इंग्लिशिया लाइन, जवाहर नेहरू मार्केट, विजयानगर मार्केट, साजन तिराहा मार्ग समेत शहीद उद्यान पार्क के आसपास पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया। इस बीच व्यापारियों से संवाद भी किया गया।
अपील की कि दुकानों में अच्छे गुणवत्ता वाले सीसी कैमरे लगवाएं। कर्मचारियों का सत्यापन जरूर कराएं। किसी भी तरह की घटना पर तुरंत पुलिस से संपर्क करें। उधर, कमिश्नरेट के आरटीसी (रिड्यूसिंग ट्रैफिक कंजेशन) रूट पर शुक्रवार को अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरि मीणा ने यातायात व्यवस्था को जांचा।
अतिक्रमण और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। छह बाइक चालकों का चालान किया गया, जबकि कई स्थानों से अवैध अतिक्रमण भी हटवाया गया। अपर पुलिस आयुक्त ने काली माता मंदिर से पांडेयपुर, हुकुलगंज होते हुए चौकाघाट चौराहे तक निरीक्षण किया।
81 लाख की ठगी में भाइयों की अग्रिम जमानत खारिज
जमीन बेचने के नाम पर 81 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में आरोपियों दो सगे भाइयों को कोर्ट से राहत नहीं मिली। अपर जिला जज (त्रयोदश) नीरज बख्शी की अदालत ने कुशहा, चुनार निवासी आरिफ अहमद उर्फ मोनू और मोहम्मद अहमद उर्फ मुजम्मिज की अग्रिम जमानत अर्जी खारिज कर दी। वादी पक्ष की ओर से उनके अधिवक्ता ने जमानत का विरोध किया।
वादी मुकदमा अधिवक्ता रविशंकर पटेल के अनुसार, आरोपियों ने चितईपुर के सुसुवाही क्षेत्र की जमीन बेचने का झांसा देकर 14 लाख रुपये नकद और 67 लाख रुपये बैंक खाते में ट्रांसफर कराए। आरोप है कि रुपये लेने के बाद जमीन किसी अन्य व्यक्ति को बेच दी गई और पैसा लौटाने से इन्कार कर दिया गया। विरोध करने पर गालीगलौज, फिरौती मांगने और जान से मारने की धमकी भी दी गई। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
एयरपोर्ट पर यात्री के बैग से मिले कारतूस के खोखे
लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर शुक्रवार को सुरक्षा जांच के दौरान यात्री विशाल मिश्रा उर्फ अन्नू के हैंडबैग से .32 बोर कारतूस के तीन खोखे मिले। सीआईएसएफ ने यात्री को रोककर पूछताछ शुरू की और बाद में फूलपुर पुलिस को सौंप दिया। जौनपुर के सिंगरामऊ थाना क्षेत्र के तुलापुर निवासी विशाल मिश्रा उर्फ अन्नू दिल्ली जाने के लिए इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट संख्या 2266 पकड़ने एयरपोर्ट पहुंचा था।
बोर्डिंग पास लेने के बाद वह एसएचए होल्ड एरिया में पहुंचा, जहां हैंडबैग की स्कैनिंग की गई। संदिग्ध वस्तु दिखाई देने पर बैग की तलाशी ली गई, जिसमें .32 बोर कारतूस के तीन खोखे मिले। बरामदगी के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने हिरासत में लेकर पूछताछ की। एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
बांस की कोठी में लगी आग, दमकल की गाडि़यों ने एक घंटे में पाया काबू
चोलापुर थाना क्षेत्र के इमलिया गांव में शुक्रवार को बांस की कोठी में अज्ञात कारणों में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने लगा।
ग्रामीणों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की साथ ही दमकल विभाग को सूचित किया। टीम ने एक घंटे में आग पर काबू पाया। कोठी में रखा सामान जलकर राख हो गया। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट समेत अन्य कारणों की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हैं। थाना प्रभारी सुधवन राम गौतम ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
कैंट स्टेशन पर रोडवेज बसों से लगने वाले जाम से निजात दिलाएं : डीएम
डीएम सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर बैठक हुई। उन्होंने हेलमेट और सीट बेल्ट अभियान को और सख्ती से चलाने के निर्देश दिए।
शहर के ब्लैक स्पॉट और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की समीक्षा के दौरान शीघ्र आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। स्कूली वाहनों और ई-रिक्शा संचालन की जांच पर जोर देते हुए पेट्रोल पंप से निकलने वाले रास्तों पर सुरक्षा के इंतजाम किए जाने के निर्देश भी दिए।
डीएम ने अवैध पार्किंग और सड़क किनारे अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पर जोर दिया। कहा कि कैंट बस स्टेशन पर रोडवेज बसों से लगने वाले जाम से लोगों को निजात दिलाएं। इसके लिए अधिकारियों की संयुक्त टीम बनाकर समस्या का निदान किया जाए। बार-बार यातायात नियमों की अनदेखी करने पर जिनके चालान काटे गए हैं, ऐसे 500 वाहन चालकों का रजिस्ट्रेशन निरस्त किए जाने को कहा।
हाईवे और प्रमुख चौराहों पर एंबुलेंस और इमरजेंसी रिस्पॉन्स मजबूत करने को कहा। डीएसओ/डीसीपी को यातायात सुरक्षा की जिम्मेदारी दी गई। हाईवे से जुड़े रास्तो पर सुरक्षा के लिए सर्विस रोड बनवाकर ब्रेकर लगवाने के लिए पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को निर्देश दिए।
श्री काशी विश्वनाथ धाम।
- फोटो : अमर उजाला
विश्वनाथ मंदिर से शुरू हुई हाउस लिस्टिंग प्रगणक घर-घर जाकर करेंगे डिजिटल सर्वे
देश की पहली पूर्णतः डिजिटल जनगणना के तहत प्रथम चरण में मकान सूचीकरण गणना की शुरुआत शुक्रवार से हुई। काशी में सहायक नगर आयुक्त मृत्युंजय नारायण मिश्रा के नेतृत्व में इसकी शुरुआत बाबा विश्वनाथ मंदिर परिसर से की गई। अब प्रगणक (एन्यूमरेटर) शहर के प्रत्येक घर तक पहुंचकर मकानों का ब्योरा जुटाएंगे।
इस बार की जनगणना पूरी तरह हाईटेक है। पूरी प्रक्रिया मोबाइल एप के माध्यम से संचालित हो रही है, जिससे डेटा की सटीकता और पारदर्शिता बनी रहेगी। प्रगणक विशेष एप्लिकेशन के जरिए मकान और उससे जुड़ी संपत्तियों के संबंध में 33 महत्वपूर्ण सवालों के जवाब डिजिटल फॉर्मेट में दर्ज कर रहे हैं। इस क्रम में पूरे जिले को 14 चार्ज क्षेत्रों में बांटा गया है, जिनमें तहसीलें, नगर निगम के आठ जोन, नगर पंचायतें, कैंटोनमेंट बोर्ड और बरेका जैसे प्रमुख क्षेत्र शामिल हैं। यह व्यापक अभियान 20 जून तक चलेगा, जिसमें वाराणसी के हर घर को सूचीबद्ध किया जाएगा।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने कहा कि जिले की 40 लाख से अधिक आबादी की गणना के लिए 5800 प्रगणकों को प्रशिक्षित कर तैनात किया गया है। सभी प्रगणकों और सुपरवाइजरों को अपने आवंटित क्षेत्र में पूरी गंभीरता और निष्पक्षता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्हें ड्यूटी कार्ड, जनगणना किट और संबंधित क्षेत्र के नक्शे उपलब्ध कराए गए हैं, ताकि गणना कार्य में किसी प्रकार की त्रुटि न हो। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि जब प्रगणक और सुपरवाइजर उनके घर पहुंचें, तो उन्हें सही जानकारी उपलब्ध कराकर इस महत्वपूर्ण कार्य को सफल बनाने में सहयोग करें।
कल शोभायात्रा के साथ शुरू होगी कथा
पुरुषोत्तम मास में श्रीकृष्ण उत्सव सेवा समिति की ओर से संगीतमय सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा महायज्ञ 24 मई से शुरू होगा। रामकटोरा स्थित चिंतामणि बाग में पातालपुरी मठ के पीठाधीश्वर स्वामी बालकदास प्रवचन करेंगे। पहले दिन सुबह शोभायात्रा निकालकर कथा की शुरुआत होगी। समिति के अध्यक्ष अशोक कसेरा, महामंत्री विनोद कसेरा और कोषाध्यक्ष भईयालाल ने पराड़कर भवन में पत्रकारों को बताया कि कथा प्रतिदिन शाम चार से रात आठ बजे तक होगी।
कथा के समापन पर 11 लोग आरती करेंगे। श्रद्धालुओं में प्रसाद का वितरण होगा। कथा श्रवण करने राज्यमंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र, मेयर अशोक कुमार तिवारी, विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि यहां पर एक हजार श्रद्धालुओं के बैठने, कूलर व शीतल पेयजल की व्यवस्था रहेगी। इस आयोजन में हैह्य वंशीय क्षत्रीय कसेरा महासभा आदि का सहयोग रहेगा।
अहिल्याबाई की जयंती पर निकलेगा जुलूस
अहिल्याबाई होल्कर की जयंती पर 31 मई को पाल समाज पेट्रोल-डीजल का खर्च कम करने का संकल्प लेगा। पाल विकास समिति के संस्थापक भइया लाल पाल ने शुक्रवार को पत्रकारों से बताया कि देश हित में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुले मंच से कहा है कि पेट्रोल-डीजल की खपत कम करें। सोने व चांदी के आभूषण कम खरीदें। इसी के तहत पाल समाज के लोगों ने निर्णय लिया कि लोक माता अहिल्याबाई होल्कर की जयंती के दिन 31 मई को पाल समाज की ओर से चांदपुर चौराहा से जुलूस निकाला जाएगा जो काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचकर जलाभिषेक करेगा। इस मौके पर गणेश पाल, मुन्ना पाल, महेंद पाल, नरेंद्र पाल, राजकुमार संतोष आदि मौजूद रहे।
श्रद्धालओं को दिया बिस्किट, सत्तू और पानी
पंचक्रोशी यात्रियों के लिए महानगर योग शिविर की ओर से शुक्रवार को सोनातालाब क्षेत्र में महिलाओं, पुरुषों और बच्चों को पानी, बिस्किट और सत्तू बांटा गया। व्यापारियों का कहना था कि यात्रा मार्ग पर पर्याप्त प्रशासनिक व्यवस्थाएं न होने के कारण श्रद्धालुओं को इस तपती गर्मी में काफी दिक्कतों और कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इसी परेशानी को देखते हुए व्यापारी नेता अनुज डीडवानिया और सोमनाथ विश्वकर्मा के नेतृत्व में राहगीरों को राहत पहुंचाई गई। इस दौरान रजनीश कनौजिया, देवांश चौबे, दिनेश खुराना, मनीष गुप्ता आदि मौजूद रहे।
गुरु कराते हैं भवसागर से पार
राधा कृपा परिवार संस्थापिका श्री संत मां ब्रजदेवी के सानिध्य में अधिकमास उत्सव में शुक्रवार को महमूरगंज में गुरु पूर्णिमा का उत्सव मनाया गया। उन्होंने कहा कि भगवान हम सभी को संसार में भेजते हैं, जिसे मृत्युलोक कहते हैं। इसे पार करने का रास्ता गुरुजी ही बताते हैं। इसलिए भगवान से बढ़कर गुरु हैं। गुरु हमको उससे निकलने का रास्ता बताते हैं। गुरु हमें अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाते हैं। संसार भवसागर से पार करने का रास्ता मोह माया से मुक्त होने का रास्ता है। भक्तों ने भजन-कीर्तन किया। पूजन में राधा कृपा परिवार वाराणसी की संचालिका नीता गुप्ता, सुमन मित्तल, कविता भालोटिया, लता केडिया, गौरी केडिया, प्रतीक खेमका आदि मौजूद रहीं।
राजभाषा के लिए प्रशासनिक कार्य हिंदी में करें : अभिनव
भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान में राजभाषा जागरूकता संगोष्ठी में संस्थान के सहायक निदेशक (राजभाषा) अभिनव प्रकाश ने अधिकारियों को संविधान के राजभाषा संबंधी प्रावधानों, राजभाषा अधिनियम और संस्थान के वार्षिक कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में संस्थान सभी कार्मिकों के सहयोग से राजभाषा के क्षेत्र में मानक स्थापित करने के लिए कार्य करेगा। अध्यक्षता कर रहे संस्थान के निदेशक डॉ. राजेश कुमार ने कहा कि सभी वैज्ञानिक/अधिकारी अपने सभी प्रशासनिक कार्य हिंदी में करें।
संस्थान का सर्वांगीण विकास करने के लिए राजभाषा का सफल कार्यान्वयन अनिवार्य शर्त है। संस्थान के प्रशासनिक अधिकारी बलवीर सिंह ने कहा कि संस्थान के सभी अनुभागों को राजभाषा हिंदी में अधिक से अधिक कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया। सरकार की राजभाषा नीति का अनुपालन करने पर बल दिया। राजभाषा कार्यान्वयन समिति के सदस्य डॉ. रामेश्वर सिंह, डॉ. आत्मानंद त्रिपाठी, डॉ. अनंत बहादुर सिंह, डॉ. इंदीवर प्रसाद, डॉ. धनंजय प्रताप सिंह, डॉ. भुवनेश्वरी आदि मौजूद रहे।
वाराणसी मंडल के रेलवे स्टेशनों पर मनाया गया पर्यावरण दिवस
मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देश और वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर अभिषेक राय के नेतृत्व में शुक्रवार को वाराणसी मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर पर्यावरण दिवस मनाया गया। मंडल रेल प्रबंधक ने बताया कि 15 मई से पांच जून तक पर्यावरण जागरूकता और संरक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया है। वाराणसी डिविजन के प्रमुख स्टेशनों पर गौरैया और पक्षियों के लिए पानी पीने के लिए सही जगहों पर मिट्टी के बर्तन रखने का अभियान चलाया जा रहा है। पोस्टर बनाने और निबंध लेखन की प्रतियोगिता हुई।
फनटाशिया वाटर पार्क और रिजॉर्ट में पांच नई राइड्स को शामिल किया
शहर के चांदमारी स्थित फनटाशिया वॉटर पार्क और रिजॉर्ट में अब पांच नई वाटर राइड्स को शामिल किया गया है। इससे बच्चों, युवाओं और परिवारों के लिए रोमांच और मस्ती का अनुभव पहले से और बेहतर हो गया है। पार्क के डायरेक्टर डॉ. हाशमी ने बताया कि लोगों को बेहतर सुविधाएं और सुरक्षित मनोरंजन उपलब्ध कराना उनका मुख्य उद्देश्य है।
लगभग 50 हजार स्क्वायर फीट में फैले इस वाटर पार्क में आधुनिक सुविधाओं के साथ स्वच्छ वातावरण, आकर्षक वाटर एक्टिविटी और फैमिली एंटरटेनमेंट का विशेष ध्यान रखा गया है। वाटर पार्क में आने वाले लोगों के लिए रेस्टोरेंट और विशाल पार्किंग की भी सुविधा उपलब्ध है। नई राइड्स जुड़ने के बाद अब यह स्थान गर्मियों में लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनता जा रहा है। फनटाशिया वाटर पार्क प्रबंधन ने बताया कि आने वाले समय में भी कई नई सुविधाएं जोड़ी जाएंगी ताकि वाराणसी और आसपास के लोगों को बेहतरीन मनोरंजन का अनुभव मिल सके।
प्रकट हुए रघुनंदन, राम जन्मोत्सव की सजी झांकी
पुरुषोत्तम मास की पुण्यप्रद बेला में शुक्रवार की शाम ठाकुरजी की बगिया पांडेयपुर में भक्ति, उल्लास और आध्यात्मिक रस की अमृतवर्षा से हर कोई सराबोर दिखा। श्री रामचरित मानस मास परायण कथा प्रेम यज्ञ के तहत भगवान श्रीराम के अवतरण प्रसंग का अत्यंत मार्मिक और भावसिक्त वर्णन कथा व्यास संजय प्रभु दास ने किया।
प्रभु श्रीराम के जन्म का मंगलमय प्रसंग सुनकर पूरा पंडाल जय श्रीराम... के उद्घोष से गुंजायमान हो उठा। मंच पर प्रस्तुत राम जन्मोत्सव की सजीव और मनोहारी झांकी ने उपस्थित जनसमुदाय को मुग्ध कर दिया। भगवान राम, माता कौशल्या और अयोध्या धाम की अलौकिक छटा देखते बनी।
रामलला के जन्मोत्सव की आनंदधारा में श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर अपनी भावांजलि अर्पित की।
कथा स्थल पर चॉकलेट, टॉफियां और खिलौनों का वितरण हुआ। कथा विश्राम पर व्यासपीठ की आरती हुई। इस दौरान राजेश केशरी, प्रदीप केशरी, अवधेश गुप्ता, विजय, अशोक, वीरेंद्र, राजेंद्र केशरी, सलोनी गुप्ता, पुष्पा, आशा केशरी आदि मौजूद रहीं।
सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया ने 25 करोड़ रुपये के ऋण वितरित किए
सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के क्षेत्रीय कार्यालय ने शुक्रवार को एक मेगा रिटेल कैंप का आयोजन किया। इस कैंप में लगभग 25 करोड़ रुपये के विभिन्न रिटेल ऋण स्वीकृत किए गए और ग्राहकों को स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। इसका उद्देश्य बैंकिंग उत्पादों का प्रचार और ग्राहकों से संबंध मजबूत करना था। कार्यक्रम क्षेत्रीय प्रमुख रणविजय सिंह के मार्गदर्शन में हुआ। इसमें बड़ी संख्या में ग्राहकों, आगंतुकों और व्यापारिक सहयोगियों ने भाग लिया।
मुख्य अतिथि रेडियोलॉजिस्ट एवं नोबलस्टार डायग्नोस्टिक्स के निदेशक डॉ. उदय भान सिंह थे। विशिष्ट अतिथि आईआईटी बीएचयू के डॉ. शांतनु दास रहे। दोनों अतिथियों ने ग्राहकों को बैंकिंग सेवाएं और वित्तीय जागरूकता प्रदान करने के बैंक के प्रयासों की सराहना की। बैंक की विभिन्न योजनाओं और वित्तीय उत्पादों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम स्थल पर ग्राहकों की सुविधा के लिए कई सेवा काउंटर स्थापित किए गए थे। इनमें टैब आधारित खाता खोलने की सुविधा, साइबर सुरक्षा जागरूकता डेस्क और उद्यम पंजीकरण डेस्क शामिल थे। सामाजिक सुरक्षा योजनाओं संबंधी डेस्क, सीकेवाईसी एवं री-केवाईसी डेस्क सहित अन्य बैंकिंग सेवा काउंटर भी मौजूद थे।
गुरु की चरण पादुका लेकर 13 किमी की दूरी तय कर भीमचंडी पहुंचे भक्त
धर्म सम्राट करपात्री महाराज की चरण पादुका लिए पंचक्रोशी परिक्रमा पर निकले साधु-संत और श्रद्धालु शुक्रवार को दूसरे पड़ाव भीमचंडी धाम पहुंचे। यहां पूजन-अर्चन और भजन-कीर्तन कर प्रभु का गुणगान किया। श्रीकरपात्री धाम केदारघाट और अखिल भारतीय रामराज्य परिषद के नेतृत्व में 450 साधु-संत और शिष्यगण पंचक्रोशी यात्रा में शामिल है।
पवन ब्रह्मचारी और आचार्य पद्माकर पांडेय के नेतृत्व में करपात्री की चरण पादुका को भी परिक्रमा करवा रहे हैं। शुक्रवार को सुबह पहले पड़ाव कंदवा पर पूजन अर्चन और संकल्प लेकर पैदल दूसरे के लिए रवाना हुए। दूसरे तीर्थ पर पहुंचे। यात्रा में श्री राधा माधव नारी शक्ति ट्रस्ट की आशा पांडेय, सेवा समर्पण संस्था की सरिता वर्मा, अर्जित गुप्ता, पप्पू यादव सहित पूर्वांचल के अलावा मुंबई, दिल्ली, बिहार, कोलकाता, दक्षिण भारतीयों के अलावा अमेरिका के श्रद्धालु भी शामिल हैं।
मारवाड़ी समाज की महिलाओं ने शुरू की पंचक्रोशी यात्रा
अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन विदिशा शाखा के बैनर तले महिलाएं अधिकमास पर शुक्रवार को पंचक्रोशी यात्रा करने निकलीं। उन्होंने मणिकर्णिका पर संकल्प लेकर यात्रा की शुरुआत की। अस्सी घाट, लंका होकर पहले पड़ाव कंदवा पहुंचीं जहां पूजन-अर्चन कर रात्रि विश्राम किया। इसमें शाखा अध्यक्ष सरोज तुलस्यान, सचिव प्रीति बाजोरिया, कोषाध्यक्ष चंदन खेमका, मधु तुलस्यान, संयोजिका प्रेमलता अग्रवाल, रमा केडिया आदि शामिल हैं।
40 स्केच में झलकी बोधगया से सारनाथ की 2500 साल प्राचीन बुद्ध यात्रा
बोध गया से लेकर सारनाथ की 2500 साल पुरानी बुद्ध यात्रा 40 स्केच में दिखी। इसमें काशी के घाटों से लेकर मंदिरों तक के जीवंत चित्र दिखे। सारनाथ का धमेख स्तूप का भी चित्र मोह गया। शुक्रवार को साखी शोधशाला और लखनऊ के अंतरराष्ट्रीय बौद्ध शोध संस्थान ने लंका स्थित क-आर्ट गैलरी एंड कैफे में बोधि पथ प्रदर्शनी लगाई। पिछले साल हुई चरथ भिक्खवे यात्रा के दौरान डॉ. राहुल कुमार शॉ ने ये स्केच और रेखाचित्र उकेरे थे।
कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने इस प्रदर्शनी के साथ पांच दिन की कार्यशाला का शुभारंभ किया। सभी 40 स्केच का अवलोकन कर विजिटर्स बुक में अपनी भावनाओं को लिखा कि यह एक अत्यंत सुखद और हृदय को छू लेने वाली अनुभूति है। वहीं, कार्यशाला में भगवान बुद्ध की जातक कथाओं और कविताएं भी होंगी।
इस दौरान प्रो. अवधेश प्रधान, सरिता लखोटिया, प्रो. मृदुला सिन्हा, प्रो. सदानंद शाही, बलिराज पांडेय, दीनबंधु तिवारी, अंशुप्रिया, हर्षित श्याम, अंशु मिश्रा, शैलेंद्र सिंह, जान्हवी सिंह और शिया आदि आर्ट गैलरी में पहुंचे। प्रो. सदानंद शाही ने कहा कि 26 मई तक चलने वाली इस प्रदर्शनी में शामिल हों।
कुलपति ने दो किताबों का किया लोकार्पण
काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने शुक्रवार को कला संकाय के फ्रांसीसी विभागाध्यक्ष प्रो. प्रयास चतुर्वेदी की दो पुस्तकों का औपचारिक लोकार्पण किया।
दोनों किताबों में एक प्रतिनिधि साहित्यिक विधाएं : विमर्श एवं अभिव्यक्ति तथा ह्यूमर और नॉन-परफॉर्मेटिव कॉमिक टेक्स्ट थीं। कुलपति प्रो. चतुर्वेदी ने बताया कि दोनों पुस्तकें संस्कृत, हिंदी और फ्रांसीसी भाषा एवं साहित्य के अध्ययनों के मध्य एक संगम-सेतु के रूप में प्रतीत होती हैं। पुस्तकों में किया गया अध्ययन भारतीय ज्ञान-परम्परा से अनुप्राणित है। उन्होंने लेखक को शुभकामनाएं दीं तथा भविष्य में भी उनसे शिक्षण कार्य में सतत संलग्न रहने की अपेक्षा व्यक्त की। इस मौके पर संकाय प्रमुख प्रो. सुषमा घिल्डियाल, प्रो. उपेंद्र त्रिपाठी, प्रो. उपेंद्र पांडेय, प्रो. वशिष्ठ अनुप, प्रो. अरुण कुमार यादव आदि मौजूद रहे।
22 से 26 मई तक दो ट्रेनों के बदले रूट
रेलवे की ओर से अयोध्या कैंट-अकबरपुर-जफराबाद खंड के जौनपुर जंक्शन स्टेशन पर यार्ड रीमॉडलिंग का कार्य कराया जा रहा है। इस कारण इस रूट पर चलने वाली दो ट्रेनें 22 से 26 मई तक परिवर्तित मार्ग से संचालित की जाएंगी। जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि ट्रेन संख्या 01431 पुणे-गाजीपुर सिटी विशेष गाड़ी परिवर्तित मार्ग वाराणसी जंक्शन-वाराणसी सिटी-औड़िहार के रास्ते चलाई जाएगी। ट्रेन संख्या 01432 गाजीपुर सिटी-पुणे विशेष गाड़ी परिवर्तित मार्ग औड़िहार-वाराणसी सिटी-वाराणसी जंक्शन के रास्ते संचालित की जाएगी।
बीएचयू में 27 मई को होगी ईसी की बैठक
बीएचयू में 27 मई को एग्जीक्यूटिव काउंसिल (ईसी) की बैठक होगी। इसमें नियुक्तियों और प्रमोशन से जुड़े मुद्दों के अलावा सेमेस्टर शिक्षकों के प्रदर्शन, प्रमोशन परीक्षा में पूछे गए सवालों और सिलेबस पर भी चर्चा हो सकती है। बैठक में एकेडमिक काउंसिल से जुड़े कई प्रस्तावों और नियुक्तियों पर मुहर लगाई जाएगी। बीएचयू की ओर से लिए गए विभिन्न इंटरव्यू के परिणाम भी प्रस्तुत किए जाएंगे। इसके साथ ही नए कुलसचिव और परीक्षा नियंत्रक की नियुक्तियों से संबंधित लिफाफे भी खोले जाएंगे। यह इस वर्ष की पहली ईसी बैठक होगी।
बीएचयू में अब 30 मिनट पहले खुलेगी सेंट्रल लाइब्रेरी
बीएचयू की सेंट्रल लाइब्रेरी में धक्कामुक्की के बाद शुक्रवार से समय बदला गया है। अब लाइब्रेरी खुलने के समय को 30 मिनट पहले दिया गया है। 22 मई से 31 जुलाई तक यह सुबह 9 बजे के बजाय 8.30 बजे और साइबर लाइब्रेरी सुबह 8 बजे के बजाय सुबह 8.30 बजे से खुलेगी।
कुलसचिव और परीक्षा नियंता पद के लिए इंटरव्यू
बीएचयू में शनिवार को कुलसचिव और परीक्षा नियंता पद के लिए इंटरव्यू होगा। परिसर स्थित होलकर हाउस में सुबह नौ बजे से इंटरव्यू शुरू होगा। कुलसचिव पद के लिए 14 आवेदक और परीक्षा नियंता पद के लिए 13 आवेदक इंटरव्यू में शामिल हो सकते हैं। हालांकि, अंतिम चयनित पद के लिए कटऑफ स्कोर में टाई होने की स्थिति में समान अंक प्राप्त करने वाले सभी उम्मीदवारों को भी बुलाया जा सकता है, चाहे उनकी संख्या 14 से अधिक ही क्यों न हो।
निरीक्षण में नहीं मिले साहित्य विभाग के आचार्य, नोटिस
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने शुक्रवार को 28 मई से शुरू होने वाली सेमेस्टर परीक्षाओं की तैयारियों का जायजा लिया। कुलपति विभिन्न विभागों का निरीक्षण कर रहे थे। इस दौरान साहित्य विभाग के आचार्य प्रो. विजय कुमार पांडेय बिना किसी पूर्व सूचना के अनुपस्थित मिले। इस पर कुलपति ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कुलपति ने गोपनीय प्रपत्र भरने, परीक्षा सामग्री तैयार करने तथा अन्य व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया।
घनश्याम पीजी और यूपी कॉलेज मिलकर डेटासेट, मैपिंग पर करेंगे शोध
यूपी कॉलेज और डॉ. घनश्याम सिंह महाविद्यालय के बीच शैक्षणिक कार्यों में सहयोग के लिए 5 साल का समझौता हुआ। मानचित्रण, डेटासेट, प्रयोगशाला, क्षेत्रीय सर्वेक्षण, जीआईएस और रिमोट सेंसिंग प्रशिक्षण, पर्यावरणीय अध्ययन, क्लाइमेट चेंज और आपदा प्रबंधन में दोनों संस्थान मिलकर शोध और अध्ययन करेंगे। शोध पत्रों का आदान-प्रदान, सम्मेलन और कार्यशालाएं भी आयोजित की जाएंगी। छात्रों और असिस्टेंट प्रोफेसरों को इंटर्नशिप, क्षेत्रीय सर्वेक्षण और प्रोजेक्ट आधारित संयुक्त शोध के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
एकेडमिक और अनुसंधान के क्षेत्र में सहयोग को मजबूत करने के लिए दोनों कॉलेजों के प्राधिकारियों की ओर से मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। घनश्याम सिंह महाविद्यालय के प्रतिनिधि ने बताया कि इस साझेदारी से स्थानीय और क्षेत्रीय समस्याओं पर नए अध्ययन किए जाएंगे। सामुदायिक आधारित परियोजनाओं और क्षमता विकास कार्यक्रमों की मदद से गुणवत्ता को और बेहतर बनाया जाएगा। दोनों पक्षों ने अकादमिक संसाधनों, शिक्षण सामग्री साझा करने पर भी सहमति व्यक्त की है।
दोपहर में न कराई जाए जनगणना ड्यूटी
राष्ट्रीय जनगणना कार्य में पहली बार माध्यमिक शिक्षा विभाग में इंटर कॉलेज के शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। वर्तमान में पूरे प्रदेश में भीषण गर्मी व लू का प्रकोप है। ऐसे में शिक्षकों की ड्यूटी में दोपहर के समय रियायत देने के लिए शिक्षक संघ ने आठ जिलाधिकारियों को पत्र लिखा है। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष सुधांशु शेखर त्रिपाठी ने आठ जिलाधिकारियों को पत्र ईमेल से भेजकर इसका आग्रह किया कि सुबह और शाम जनगणना कार्य कराया जाए। साथ ही शिक्षकों को अर्जित अवकाश देने की भी घोषणा की जाए।
जरूरतमंदों को दिए पुराने कपड़े
मोक्ष सदन एंड चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से पंडित दीनदयाल अस्पताल के सामने पुराने वस्त्रों का वितरण हुआ। सैकड़ों जरूरतमंद लोगों को उपयोगी पुराने वस्त्र दी गई। ट्रस्ट की अध्यक्षा उषा रानी ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य समाज में सेवा, सहयोग एवं फिर से उपयोग की भावना को बढ़ावा देना है, ताकि समाज के जरूरतमंदों तक उनके लिए उपयोगी सामग्री पहुंचाई जा सके। इसी के तहत वस्त्रों का वितरण हुआ।
मेयर ने नलकूप का किया शिलान्यास
मेयर अशोक कुमार तिवारी ने शुक्रवार को तुलसीपुर वार्ड स्थित राम जानकी मंदिर में नलकूप का शिलान्यास किया। 65.67 लाख रुपये की लागत से तुलसीपुर वार्ड और 126.80 लाख की लागत से दनियालपुर में नलकूप की आधारशिला रखी गई।
मेयर ने कहा कि इन दोनों वार्डों में नलकूप के निर्माण से आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले निवासियों को पेयजल की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी। मेयर ने दनियालपुर में मिनी नलकूप और 3112 मीटर लंबी एचडीपीई पाइप लाइन बिछाने का कार्य भी शिलान्यास किया। कार्यक्रम में सिंधु सोनकर, अतुल पांडेय, कौशल्या, श्याम आसरे मौर्य, प्रवीण राय, विवेक कुशवाहा, पुन्नू लाल, अजय बिंद आदि मौजूद रहे।
541 कुओं की सफाई, काशी की थीम पर हो रही पेंटिंग
हर साल गर्मी शुरू होते ही नगर निगम जल स्रोतों को सहेजना शुरू कर देता है। इस बार भी 541 कुओं की सफाई कराने के साथ पेंटिंग कराई जा रही है। इसके लिए वार्डवार सूची तैयार करके काम शुरू किया गया है। नवविस्तारित इलाकों वाले कुएं भी साफ होंगे। पूर्व में हुए सर्वे के दौरान रखरखाव के अभाव में तकरीबन 150 कुएं पट चुके हैं। कुछ में लोग कचरा और मिट्टी डाल रहे हैं तो कुछ कुओं में जालियां लगा दी गई हैं। अब नए सिरे से नगर निगम की ओर से कुओं को सुंदर बनाने के लिए कवायद शुरू की जा रही है। मेयर अशोक कुमार तिवारी ने बताया कि कुओं को खूबसूरत बनाने के लिए काशी की थीम पर पेंटिंग कराई जा रही है।
प्याऊ लगाकर ठंडा पानी पिलाया
गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा से हिंदू युवा वाहिनी हेमू कालाणी मंडल और त्रिशक्ति सेवा फाउंडेशन की ओर से शुक्रवार को मछोदरी में शीतल पेयजल के लिए प्याऊ का उद्घाटन हुआ। इस दाैरान वहां से गुजरने वाले राहगीरों को शीतल पेयजल भी पिलाया गया। इस मौके पर बीडीए सदस्य अम्बरीष सिंह भोला, वाहिनी के महानगर उपाध्यक्ष रुद्र पांडेय, अश्वनी गुप्ता, दिनेश अग्रहरि, मनीष वर्मा, करन विश्वकर्मा आदि रहे।
एनओसी के लिए अब ऑनलाइन आवेदन
वीडीए की ओर से ऑनलाइन एनओसी सेवा शुरू की गई है। वीडीए उपाध्यक्ष पुर्ण बोरा ने बताया कि इस नई डिजिटल सुविधा के माध्यम से नागरिकों को अब एनओसी प्राप्त करने के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं होगी। कोई भी नागरिक वाराणसी विकास प्राधिकरण की आधिकारिक वेबसाइट www.vdavns.com और noc.vdavns.com पर जाकर सरल प्रक्रिया के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि पोर्टल पर उपलब्ध दिशानिर्देशों का पालन करते हुए आवेदक आसानी से अपनी एनओसी के लिए आवेदन कर सकेंगे। ऑनलाइन व्यवस्था लागू होने से आवेदन प्रक्रिया अधिक सरल, पारदर्शी, समयबद्ध एवं सुगम हो गई है। इससे नागरिकों के समय व संसाधनों की बचत होगी। इस ऑनलाइन प्रणाली से नागरिक घर बैठे ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। पोर्टल के माध्यम से आवेदक अपने आवेदन से संबंधित आवश्यक दस्तावेज अपलोड कर सकते हैं। आवेदन की प्रगति की जानकारी भी ऑनलाइन प्राप्त कर सकेंगे।
जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार।
- फोटो : संवाद
अफवाहों पर ध्यान न दें, बेटियों को एचपीवी टीका जरूर लगवाएं
डीएम सत्येंद्र कुमार ने शुक्रवार को लोगों से अपील की है कि बालिकाओं को एचपीवी टीकाकरण जरूर कराएं। एचपीवी संक्रमण महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा कैंसर) का प्रमुख कारण माना जाता है। समय पर टीकाकरण इस गंभीर बीमारी से बचाव का प्रभावी और सुरक्षित माध्यम है।
यह टीका पूरी तरह से सुरक्षित है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से निर्धारित आयु वर्ग (14 से 15 वर्ष) की बालिकाओं को निशुल्क टीकाकरण की सुविधा उपलब्ध है। टीकाकरण के संदर्भ में किसी भी प्रकार की भ्रांतियों और अफवाहों पर ध्यान न दें।
उन्होंने कहा कि विश्व में 100 से ज्यादा देशों में इस टीके का प्रयोग किया जा रहा है। जिसके सकारात्मक परिणाम प्राप्त हुए हैं और वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित किया गया है कि टीके को लगाने से किसी भी प्रकार की कमजोरी, शारीरिक दुष्प्रभाव नहीं है। बाजार में टीके का मूल्य अत्यधिक है। भारत सरकार और राज्य सरकार के तत्वावधान में देश की प्रत्येक बेटी को सुरक्षा प्रदान करने के लिए एचपीवी टीकाकरण पूरी तरह से निशुल्क है।
सभी ब्लॉक मुख्यालय के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों/ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में सोमवार से शनिवार सुबह 10 बजे दोपहर तीन बजे तक टीकाकरण हो रहा है। टीका लगवाने के लिए बेटी का आधार कार्ड/ जन्म प्रमाणपत्र या आयु प्रमाणित करने वाले दस्तावेज और संबंधित का मोबाइल फोन (ओटीपी उपलब्ध कराने के लिए) साथ में लाना होगा।
पंचक्रोशी यात्रा में शामिल लोग।
- फोटो : संवाद
पंचक्रोशी यात्रा : परिक्रमा मार्ग पर गड्ढे और धर्मशालाओं पर ताले, गर्मी से श्रद्धालु बेहाल
अधिकमास के पुण्यफल के लिए चिलचिलाती धूप और लू के थपेड़ों के बीच श्रद्धालु पंचक्रोशी यात्रा कर रहे हैं। लेकिन, परिक्रमा पथ के पांचो पड़ाव और मार्ग पर अव्यवस्थाएं कायम हैं। परिक्रमा पथ पर गड्ढे तो कई धर्मशालाएं बंद पड़ी हैं। गर्मी में बिजली कटौती ने भी उनकी मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
12 धर्मशालाएं लेकिन सुविधाएं नहीं : पंचक्रोशी के अंतिम पड़ाव कपिलधारा में 12 धर्मशालाएं हैं, लेकिन इनमें बुनियादी सुविधाएं नहीं हैं। पांच में शौचालय नहीं है। जबकि एक धर्मशाला बंद पड़ी है। कूलर, पंखे भी पर्याप्त नहीं हैं। इससे गर्मी में श्रद्धालु परेशान हो रहे हैं।
एक धर्मशाला में चल रहा विद्यालय : चौथे पड़ाव पांचो पंडवा में पांच धर्मशालाएं हैं लेकिन चार ही संचालित हैं। एक में विद्यालय चलता है। जो धर्मशालाएं संचालित हैं, वहां पंखे नहीं हैं। शौचालय गंदे हैं। टीन शेड के नीचे लगे कूलर भी पूरी तरह से काम नहीं कर रहे हैं।
भीमचंडी में अतिक्रमण : भीमचंडी के परिक्रमा मार्ग सबसे ज्यादा खराब हैं। पटरियों पर जगह-जगह अतिक्रमण है। राजातालाब पंचक्रोशी मार्ग पर जगह-जगह खुले गड्ढे छोड़ दिए गए हैं।
रामेश्वर पुल की सड़क खराब : रामेश्वर पड़ाव पर वरुणा में पानी न छोड़े जाने से श्रद्धालुओं को निगम के टैंकर से स्नान करना पड़ रहा है। रामेश्वर पुल व रेलवे फाटक के मार्ग खराब हैं।