वाराणसी स्थित ज्ञानवापी परिसर में सोमवार को जहां एक तरफ सर्वे की कार्रवाई चल रही थी, वहीं राम-राम की रसधार के बीच शिव का नाम गूंज रहा था। भारी इंतजाम और सुरक्षा को देखकर एकबारगी तो श्रद्धालु कुछ पल के लिए ठिठके, लेकिन जैसे ही उनको पता चला कि ज्ञानवापी में सर्वे का काम हो रहा है तो उनके भी हर्ष का कोई ठिकाना नहीं रहा। हर हर महादेव का जयघोष हुआ, जो लगातार चलता रहा। सावन के तीसरे सोमवार को सुबह सात बजे से पहले ही भारी संख्या में रैपिड एक्शन फोर्स, पुलिस और पीएसी गेट नंबर चार पर पहुंचने लगी।
यातायात को दुरुस्त कराने के साथ ही काशी विश्ववनाथ धाम के गेट नंबर चार के सामने की सड़क को खाली करा दिया गया। अचानक पुलिस और सुरक्षा बलों की तैनाती, चहल-पहल से कतारबद्ध श्रद्धालु भी सकते में आ गए। कुछ को लगा कि शायद कोई वीआईपी आने वाला है। इसी बीच पता लगा कि ज्ञानवापी की असलियत को सामने लाने के लिए वैज्ञानिक तरीके से जांच कराई जा रही है तो सबके चेहरे खिल उठे।