भदोही के भाजपा जिलाध्यक्ष के चुनाव के बीच गुरुवार को ज्ञानपुर विधायक विजय मिश्र का कथित आडियो वायरल होने से गहमागहमी बढ़ गई। ऑडियो में विधायक और जिला इकाई के एक पदाधिकारी के बीच जिलाध्यक्ष पद के उम्मीदवार का खुलासा होता सुनाई दे रहा है।
विज्ञापन
भाजपा नेता को जिलाध्यक्ष बनने की अग्रिम बधाई देते हुए पार्टी के कई नेताओं को अपशब्द भी सुनाई दे रहे हैं। हालांकि विधायक विजय मिश्र ने आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। साथ ही फोन पर बात करने वाले भाजपा नेता और एक विधायक पर ऑडियो क्लिप के साथ काटछांट कर ऑडियो वायरल करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि कोई व्यक्ति बातचीत के दौरान किस मूड में है, यह भी समझना चाहिए। कोई विश्वास में लेकर फोन टेप करेगा और फिर उसे वायरल कर देगा, यह कोई कैसे जान सकता है। उधर, भाजपा नेता से बात करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हुआ।
गौरतलब है कि भाजपा जिलाध्यक्ष के चुनाव के लिए बुधवार को नामांकन हुआ था, जिसमें 55 उम्मीदवारों ने पर्चा दाखिल किया था। इससे पूर्व मंडल अध्यक्षों, प्रतिनिधियों को अपने पाले में करने के लिए धनबल, बाहुबल के इस्तेमाल की बात खूब चर्चा में आई थी।