तीन दिन से धूप छाव के बाद मौसम दिखा साफ । अमर उजाला
दिन और रात के तापमान में करीब 19 डिग्री का फर्क, दो दिन पहले था सिर्फ 5 डिग्री
माई सिटी रिपोर्टर
वाराणसी। काशी में मार्च में ही गर्म हवा के थपेड़ों ने पहली बार परेशानी बढ़ा दी। बृहस्पतिवार को 14 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से बहती गर्म हवा ने लोगों को झुलसाया और काशी प्रदेश का सबसे गर्म शहर बन गया। अधिकतम तापमान सामान्य से 5.9 डिग्री अधिक रहकर 37.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 2.9 डिग्री अधिक रहकर 19.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन भर तेज धूप के बीच चल रही हवा लगभग लू जैसी लगी।
बीते दो दिनों की तुलना में दिन और रात के तापमान का अंतर भी बढ़ गया है। मंगलवार को यह फर्क केवल पांच डिग्री के आसपास था, जबकि बृहस्पतिवार को यह करीब 19 डिग्री तक पहुंच गया। इस वजह से दिन में अधिक गर्मी और रात में ठंड का अनुभव हुआ। लोग मौसम के इस विरोधाभासी रूप से बचते हुए दिखाई दिए।
15-16 मार्च को बारिश के आसार
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, 15 और 16 मार्च को जिले में बारिश की संभावना है। यूपी आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र की रिपोर्ट में बनारस में नमी 63 फीसदी दर्ज की गई है, जो बुधवार के मुकाबले 20 अंक कम है। वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह के अनुसार, अगले दो दिनों में तापमान में 2-4 डिग्री की गिरावट आ सकती है।