वाराणसी कैंट से सिटी रेलवे स्टेशन के बीच दूसरी रेल लाइन पर पैसेंजर ट्रेनों के संचालन को हरी झंडी दे दी गई है। शुक्रवार को रेल संरक्षा आयुक्त, मध्य व पूर्वोत्तर परिमंडल के नेतृत्व में विशेष यान से संरक्षा निरीक्षण व स्पीड ट्रायल किया गया। इस दौरान सब कुछ ठीक पाया गया। इसके साथ ही दूसरी लाइन पर पैसेंजर ट्रेनों के परिचालन को हरी झंडी दे दी गई।
वाराणसी-औड़िहार रेलखंड पर चल रहे दोहरीकरण का कार्य वाराणसी कैंट स्टश्ेान व सिटी स्टेशन के बीच दूसरी लाइन बिछने के साथ पूरा हो गया। सीआरएस अरविंद कुमार जैन ने शुक्रवार की सुबह कैंट से सिटी के बीच विशेष यान से निरीक्षण शुरू किया। इस दौरान उन्होंने रेल संरक्षा आयुक्त ने वाराणसी सिटी-वाराणसी जंक्शन स्टेशनों के मध्य पड़ने वाले वरुणा ब्रिज, कर्वेचर, पुल, पॉइंट्स एंड क्रासिंग, रेलवे लाइन फिटिंग्स, सिगनल, साईटिंग बोर्ड, अंडरपास, इंटरलॉकिंग गेयर, रिले रूम, कंट्रोल पैनल व समपारों आदि का निरीक्षण किया।
इसके बाद सिटी रेलवे स्टेशन से रेल खंड पर पूरी रफ्तार से विशेष यान दौड़ाकर स्पीड ट्रायल भी किया गया। इस दौरान छोटी मोटी कमियों को छोड़कर सब कुछ ठीक पाया गया, जिसे दूर करने के निर्देश दिए गए। इसके बाद रेल ट्रैक पर परिचालन को हरी झंडी दे दी गई।
इस दौरान डीआरएम उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल सतीश कुमार, पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल एसके झा, एडीआरएम रवि प्रकाश चतुर्वेदी सहित दोनों मंडलों के कई अधिकारी इस दौरान मौजूद रहे। अधिकारियों की मानें तो वाराणसी से औड़िहार रेल खंड पर चल रहे दोहरीकरण कार्य का यह आखिरी चरण था।