माई सिटी रिपोर्टर
वाराणसी। ठंड के मौसम में आवक बढ़ने से हरी सब्जियों की कीमत घट गई है। इससे दाल की खपत आधी है और कीमतों में गिरावट आई है।
एक जनवरी को हरा मटर 80 रुपये प्रति किलो था, जो अब 30 रुपये किलो बिक रहा है। टमाटर 10 रुपये प्रति किलो और फूल गोभी 5 से 10 रुपये प्रति पीस मिल रही है। भोजन में हरी सब्जियों का उपयोग अधिक होने से दाल की खपत काफी कम हो गई है। खपत कम होते ही दाल का भाव गिर गया।
अरहर दाल में 10 दिन के अंदर 25 रुपये प्रति किलो की कमी आई है। इस समय 125 से 130 रुपये किलो दाल बिक रही है।
विशेश्वरगंज-भैरोनाथ व्यापार मंडल के अध्यक्ष प्रतीक गुप्ता व आढ़ती शशांक साहू ने बताया कि मध्य प्रदेश के कटनी से आने वाली अरहर दाल पखवाड़े भर पहले 155 रुपये प्रति किलो थी, जो अब 125 से 130 रुपये प्रति किलो पर आ गई है।
आयातित दालों में सबसे ज्यादा मटर आ रही है। मटर दाल काफी सस्ती हुई है। मटर दाल का 85 रुपये से भाव गिरकर 50 रुपये प्रति किलो पर आ गया।
खोजवां, विशेश्वरगंज, पांडेयपुर समेत अन्य बाजारों में दाल की खपत आधी हो गई है।