Varanasi News: वाराणसी जिले में दर्दनाक हादसा हुआ। आठ माह के नाती को अस्पताल से लेकर घर लौट रही नानी की कंटेनर से कुचलकर मौत हो गई। घटना में नाती बाल- बाल बचा।
वाराणसी जिले के कपसेठी थाना क्षेत्र के बाराडीह गांव के तिराहे के पास बृहस्पतिवार रात साढ़े आठ बजे कंटेनर से कुचलकर ऊषा देवी (45) की मौत हो गई। गोद में आठ माह का नाती बाल-बाल बच गया। आक्रोशित लोगों ने कालिकाधाम-सेवापुरी मार्ग पर ढाई घंटे तक चक्काजाम लगा दिया।
विज्ञापन
एसडीएम, एसीपी के समझाने पर परिजन माने। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। तीन थानों की फोर्स भी तैनात रही। तारापुर की रहने वाली ऊषा देवी, बेटे विशाल के साथ आठ माह के नाती शिवांग को सेवापुरी अस्पताल से दवा दिलाकर पैदल घर लौट रही थी।
कोल्हुवा वीर बाबा तिराहे पर पीछे से आए कंटेनर ने ऊषा देवी को धक्का मार दिया और गोद से नाती शिवांग सड़क पर जा गिरा। ऊषा को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। ट्रक छोड़कर चालक भाग निकला।
विज्ञापन
सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और सड़क पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। कपसेठी पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन ग्रामीण नहीं माने। परिजन मुआवजे की मांग और ट्रक चालक की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए। एसडीएम राजातालाब शांतुन कुमार, एसीपी राजातालाब अजय श्रीवास्तव, बड़ागांव, जंसा, मिर्जामुराद थाने की फोर्स के साथ पहुंचे और ढाई घंटे के बाद परिजनों को मनाया जा सका।