ज्ञानपुर (भदोही)। लॉकडाउन की आशंका में लोगों ने रोजमर्रा के सामान को सहेजना शुरू कर दिया है। सोमवार को जिले में किराना और सब्जी समेत दैनिक उपयोग की वस्तुओं वाली दुकानों पर लोगों की भीड़ लगी रही। मुख्यमंत्री के ट्वीट में संवेदनशील जिलों की श्रेणी में भदोही का नाम भी आने की वजह से एहतियात और बढ़ गया था। हालांकि दूसरी ओर जिलाधिकारी ने लॉकडाउन की बात से इनकार किया है।
वाराणसी, प्रयागराज समेत प्रदेश के 15 जिलों में लॉकडाउन घोषित होने के बाद जिला भदोही में भी लोगों के बीच लॉकडाउन की आशंका गहराने लगी। लिहाजा तमाम लोग बाजार की ओर रुख कर लिए। रविवार के जनता कर्फ्यू के दौरान बंदी का आलम देखकर लॉकडाउन की आशंका को और बल मिलने लगा। फल, सब्जी, अनाज और राशन के अलावा अन्य जरूरी सामान की खरीदारी करने लगे। यही वजह थी कि दुकानों पर लोगों की भीड़ जमा रही। ज्ञानपुर जिला मुख्यालय से लेकर भदोही, गोपीगंज और औराई तक लोगों ने जरूरी सामान की जमकर खरीदारी की। चट्टी-चौराहों पर चर्चा हो रही थी कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिन जिलों में बाहरी लोगों के ज्यादा आने की बात कही है, उनमें भदोही का नाम भी शामिल है। ऐसे में कभी भी लॉकडाउन घोषित किया जा सकता है। अगर ऐसा हुआ तो जरूरत के पर्याप्त सामान रखना आवश्यक हो जाएगा। इस संबंध में जिलाधिकारी राजेंद्र प्रसाद ने कहा कि अभी भदोही को लॉकडाउन करने संबंधी कोई दिशा निर्देश नहीं आया है। लोगों को बिना किसी डर के अनावश्यक सामान को स्टोर नहीं करना चाहिए। जरूरी सेवाएं निर्बाध चलती रहेंगी।