बीएचयू के खेल मैदान में प्रस्तावित काशी तमिल संगमम में 25 प्रकार के व्यंजन बनाने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए तमिलनाडु से दो मुख्य शेफ बनारस पहुंच चुके हैं। एक माह चलने वाले काशी तमिल संगमम में आने वाले मेहमानों के खानपान की जिम्मेदारी इंडिया टूरिज्म के स्थानीय कार्यालय दी गई है। इंडिया टूरिज्म वाराणसी के सहायक निदेशक अमित गुप्ता के मुताबिक काशी तमिल संगमम में 25 प्रकार के व्यंजन बनने हैं।
कमिश्नर कौशल राज शर्मा ने रविवार को कैंप कार्यालय पर काशी तमिल समागम के आयोजन की तैयारियों पर बैठक की। उन्होंने निर्देश दिया कि बीएचयू के स्टेडियम में एक कंट्रोल रूम स्थापित किया जाए, जहां से हिन्दी एवं तमिल भाषा में आवश्यक सूचनाएं एवं निर्देश प्रसारित किये जायेंगे। उन्होंने एडीएम प्रोटोकाल को निर्देश दिया कि आने वाले मेहमानों को ठहराने के लिए जिले के सर्किट हाउस, गेस्ट हाउस, रेलवे गेस्ट हाउस, विभिन्न विभागों के गेस्ट हाउस, बीएचयू एलडी गेस्ट हाउस तथा होटल आदि को रिजर्व किया जाए।
काशी तमिल संगमम की तैयारियां अंतिम दौर में हैं। तमिलनाडु से 12 ग्रुपों में 2500 मेहमान ट्रेन से आएंगे। आईआरसीटीसी के अधिकारी व्यवस्था में जुटे हैं। अधिकारियों के मुताबिक, प्रत्येक ग्रुप में 250 डेलीगेट को रखा गया है। इन्हें तमिलनाडु से वाराणसी तक लाने के लिए आईआरसीटीसी ने रामेेश्वर से बनारस तक आने वाली बनारस साप्ताहिक सुपरफास्ट एक्सप्रेस, चेन्नई सेंट्रल से गया जंक्शन तक जाने वाली गया साप्ताहिक सुपर फास्ट एक्सप्रेस और एरणाकुलम जंक्शन से पटना जंक्शन जाने वाली पटना सुपर फास्ट एक्सप्रेस में एक-एक कोच लगाने की तैयारी की है, जो 19 नवंबर से 14 दिसंबर के बीच अलग-अलग तिथियों पर आएंगी और जाएंगी। डेलीगेट सड़क मार्ग से अयोध्या भी जाएंगे।