एक लाख रुपये लेकर सामान न देने पर अदालत के आदेश से जैतपुरा थाने में नोएडा के सेक्टर 63 स्थित रूट होम एप्लायंसेज के संचालक प्रभात पांडेय और उसके कर्मचारी विशाल पांडेय व कपिल प्रजापति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई संजय अपार्टमेंट, चौकाघाट निवासी दीपक कुमार के प्रार्थना पत्र पर की गई है। दीपक कुमार का आरोप है कि उन्होंने प्रभात की फर्म को उसके कर्मचारियों के माध्यम से सामान का ऑर्डर दिया था।
इलाज के दौरान अस्पताल में विवाहिता की मौत, हंगामा
सेवापुरी में तक्खू की बावली बाजार की एक विवाहिता की बीएचयू अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। विवाहिता के मायके वालों ने उसके ससुराल के लोगों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने से मौत का आरोप लगा कर शव को तक्खू की बावली बाजार लाकर हंगामा किया। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के खोचवा गांव निवासी हीरालाल केशरी ने अपनी पुत्री शिवानी केसरी (24) की शादी बावली बाजार में बसंत लाल केशरी के पुत्र विकास केसरी से की थी। कपसेठी थानाध्यक्ष अरविंद सरोज ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह स्पष्ट होने पर कार्रवाई की जाएगी।
हरसोस गांव में मनबढ़ों ने चहारदीवारी गिराई
जंसा थाना क्षेत्र के हरसोस गांव में नवनिर्मित चहारदीवारी को बीती रात मनबढ़ों ने गिरा दिया। घटना की शिकायत मिलने पर एसीपी राजातालाब ने जंसा थानाध्यक्ष को मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि पुलिस की शह पर मनबढ़ों ने चहारदीवारी गिराई है। राजकुमार के अनुसार उसकी जमीन पर सात लोग अवैध तरीके से कब्जा कर रखे हैं।
बेटी को जन्म देने पर विवाहिता को घर से निकाला
सेवापुरी के बाराडीह गांव की एक विवाहिता ने बेटी को जन्म दिया। इस पर उसके ससुराल वालों ने उसे अपशगुन मानते हुए विवाहिता को घर से निकाल दिया। विवाहिता की तहरीर पर कपसेठी थाने में उसके पति समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। मंगल सेठ की पुत्री लक्ष्मी सोनी ने आरोप लगाया है कि दहेज के लिए उसके ससुराल वाले उसे मारते-पीटते हैं।
बिजली का केबल लेकर जा रहे दो लोगों पर मुकदमा
मोटिकार्लो लिमिटेड कंपनी के मैनेजर इरफान खान की तहरीर पर शिवपुर थाने में चोरी का मुकदमा दर्ज किया गया है। इरफान के अनुसार उनकके स्टोर प्रभारी मनोज सिंह ने सूचना दी कि एक मालवाहक में उनकी कंपनी के बिजली आपूर्ति का केबल लेकर कुछ लोग जा रहे हैं। शक होने पर वाहन रुकवाया गया तो उसका मालिक अरुण कुमार और अंबेडकर नगर निवासी चालक स्वतंत्र कुमार भाग निकले। केबल लादे हुए वाहन को सभईपुर स्थित स्टोर ले जाकर खड़ा कराया गया।
अर्दली बाजार में ब्लैक फिल्म लगी थार सीज
अर्दली बाजार में बीती शाम डीसीपी वरुणा जोन ने ब्लैक फिल्म लगी एक थार को रुकवाया। इस पर डीसीपी वरुणा जोन ने वाहन को सीज करने का निर्देश कैंट थानाध्यक्ष को दिया। धनतेरस के अवसर पर डीसीपी वरुणा जोन चंद्रकांत मीना और एडीसीपी वरुणा जोन सरवणन टी फोर्स के साथ पैदल गश्त कर रहे थे। अर्दली बाजार के पास एक काले शीशे वाली थार दिखी। पुलिस की जांच में वाहन पांडेयपुर की रहने वाली विनीता उपाध्याय के नाम से पंजीकृत मिला। डीसीपी वरुणा जोन ने वाहन को सीज कराते हुए कैंट थाने भिजवा दिया।
दो अवैध निर्माण सील
भेलूपुर वार्ड में दो अवैध निर्माण वीडीए ने सील किए। बगैर मानचित्र स्वीकृत कराए डीवी मिश्रा निर्माण करा रहे थे। भवन को सील कर लंका थाने को सौंपा गया। वहीं भेलूपुर वार्ड में संकटमोचन के पास बगैर मानचित्र स्वीकृत कराए आर्य विश्वजीत निर्माण करा रहे थे। इस पर भी कार्रवाई की गई। जोनल अधिकारी प्रमोद तिवारी के अनुसार निर्माण को सील कर पुलिस निगरानी के लिए सौंप गया।
छत से गिरकर महिला की मौत
आयर हरिदासपुर गांव में बीती शाम पैर फिसलने के कारण छत से गिरी महिला की मौत हो गई। परिजनों ने महिला के शव की अंत्येष्टि कर दी। आयर हरिदासपुर गांव निवासी राधे यादव की पत्नी प्रभावती देवी (55) छत से पुआल उतार रही थीं।
मोलनापुर गांव के युवक की मौत की गुत्थी नहीं सुलझी
चौबेपुर के मोलनापुर गांव के निवासी सरोज उर्फ बबलू पासी (45) की मौत की गुत्थी दूसरे दिन भी नहीं सुलझी। परिजनों ने सरोज की हत्या का आरोप लगाया है। वहीं, पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह स्पष्ट नहीं है और जांच के लिए बिसरा सुरक्षित रखा गया है। उधर, चंदौली के सपा सांसद वीरेंद्र सिंह सरोज के घर पहुंचे और पीड़ित परिजनों को उन्होंने ढाढ़स बंधाया। उन्होंने कहा कि पुलिस हत्या के मामले को आत्महत्या बता रही है।
सरोज का शव ढाखा गांव में गंगा किनारे एक नाले में सोमवार की सुबह मिला था। परिजनों ने बबलू के के दो दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया है। इस संबंध में चौबेपुर थानाध्यक्ष जगदीश कुशवाहा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अब तक की जांच में मामला हत्या का नहीं प्रतीत हुआ है।
शादी का झांसा देकर दुष्कर्म वीडियो-फोटो किया वायरल
शादी का झांसा देकर युवती के साथ दुष्कर्म कर उसकी आपत्तिजनक फोटो व वीडियो सोशल मीडिया में वायरल करने के आरोप में रोहनिया थाने की पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान रानीपुर, महमूरगंज निवासी विद्याशंकर मिश्रा उर्फ पिंटू मिश्रा के रूप में हुई है।
रोहनिया क्षेत्र की युवती गत 12 अक्तूबर को पुलिस को तहरीर दी थी। युवती के अनुसार विद्याशंकर मिश्रा ने उसे शादी का झांसा दिया था। चाय में नशीली गोली पिलाकर उसने दुष्कर्म किया और फोटो-वीडियो बना लिया। इसके बाद आपत्तिजनक फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उससे पैसा और सोने की चेन लिया। बाद में आपत्तिजनक फोटो और वीडियो वायरल भी कर दिया। इस बीच विद्याशंकर मिश्रा और उसके भाइयों ने युवती के साथ मारपीट कर उसे जान से मारने की धमकी भी दी।
छेड़खानी के दोषी को तीन साल की कैद
विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो एक्ट) अनुभव द्विवेदी की अदालत ने घर में घुसकर किशोरी से छेड़खानी के जैतपुरा थाने के मामले में अभियुक्त झाऊ ऊर्फ शकील को दोषी पाया है। अदालत ने अभियुक्त को तीन वर्ष की कैद और 15 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है। मामला 15 अगस्त 2017 का है। शकील ने किशोरी के घर में घुसकर उसके साथ छेड़खानी की। किशोरी के शोर मचाने पर उसका भाई पहुंचा और उसका बचाव किया।
फिरोजाबाद से ई-रिक्शा लेकर लापता युवक मिला
फिरोजाबाद से चार महीने से एक ई-रिक्शा लेकर लापता युवक को एक फाइनेंस कंपनी के कर्मियों ने आदमपुर थाना क्षेत्र से खोज निकाला। काशी स्टेशन रोड पर झुग्गी-झोपड़ी के बीच खड़े ई-रिक्शा को फाइनेंस कर्मी मालवाहक में लाद कर ले जाने लगे तो कुछ लोग धमकाने लगे। इस पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। ई-रिक्शा के साथ फाइनेंस कंपनी के कर्मी और युवक आदमपुर थाने में है।
सीजेएम ने किया जिला जेल का निरीक्षण
जिला कारागार में न्यायिक अधिकारियों के निरीक्षण का क्रम लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा। सीजेएम राजीव मुकुल पांडेय ने जिला कारागार का निरीक्षण किया। उन्होंने बैरकों में जाकर बंदियों से मुलाकात की और जाना कि उन्हें जेल मैन्युअल के हिसाब से खानपान व चिकित्सा की व्यवस्था मिल रही है या नहीं। इसके बाद पाकशाला में भोजन की गुणवत्ता देखी। इस दौरान उनके साथ कारागार अधीक्षक आचार्य डॉ. उमेश सिंह और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
निपुण भारत मिशन में अधिकारियों की तय होगी जवाबदेही
परिषदीय प्राथमिक स्कूलों में प्री-प्राइमरी से कक्षा दो तक के विद्यार्थियों को गणित और भाषा में दक्ष बनाने के लिए निपुण भारत मिशन चल रहा है। निपुण भारत मिशन का लक्ष्य हासिल करने के लिए अब अधिकारियों की भी जवाबदेही व जिम्मेदारी तय कर दी गई है। बीएसए डॉ. अरविंद कुमार पाठक ने कहा कि जिस स्कूल का रिजल्ट खराब होगा, संबंंधित बीईओ की जवाबदेही होगी।
अपर नगर आयुक्त ने सुनीं समस्याएं
नगर निगम में संभव की जनसुनवाई में आठ शिकायतें आईं। नगर आयुक्त कार्यालय में अपर नगर आयुक्त विनोद कुमार गुप्ता और मुख्य कर निर्धारण अधिकारी असीम रंजन ने जनसुनवाई की। चितईपुर की सविता सिंह ने सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार, पांडेय हवेली के रामचंदर यादव ने नामांतरण, अवलेशपुर के राजन सिंह ने अतिक्रमण हटवाने संबंधी शिकायतें कीं। अपर नगर आयुक्त ने एक सप्ताह में निस्तारण की चेतावनी के साथ संबंधित अधिकारियों को शिकायती पत्र भेजे।
करंट की चपेट में आने से मिस्त्री की मौत
सारनाथ के लेढूपुर स्थित एक मकान पर झालर लगाने के दौरान बिजली मिस्त्री मंगलवार की शाम हाइटेंशन तार के करंट की चपेट में आ गया। अस्पताल ले जाने के दौरान उसकी मौत हो गई। खजूहीं निवासी रविशंकर भारद्वाज उर्फ गोड़न (32) बिजली मिस्त्री था।
21 खाद्य पदार्थों की दुकानों की जांच की, 20 नमूने लिए
त्योहारों को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग ने चेतगंज, लहुराबीर, मकबूल आलम रोड आदि जगहों की मिठाइयों सहित खाद्य प्रदार्थों की 21 दुकानों पर छापे मारे। इस दौरान 20 नमूने लिए।
सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय/ अभिहित अधिकारी कौशलेन्द्र शर्मा के आदेश पर गठित सचल दलों ने सुरक्षित खाद्य/पेय पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की। मिलावट रोकने विशेष अभियान के तहत मंगलवार को दुकानों पर खोया, पनीर, दूध, मिठाइयां, नमकीन, ड्राई फ्रूट आदि की जांच की। 21 दुकानों का निरीक्षण कर कुल जांच के लिए 20 नमूने लिए। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित ने बताया कि जांच के बाद गड़बड़ी मिलने पर कार्रवाई होगी।
ज्वेलरी में पकड़ी गड़बड़ी : बाटमाप विभाग ने इलाके की कई दुकानों में छापे मारकर मिठाई, ज्वेलरी की दुकानों में गड़बड़ी पकड़ी। सहायक नियंत्रक अशोक कुमार ने बताया कि 30 से अधिक दुकानों पर छापे मारे गए।
आश्वासन के बाद 13 दिन बाद धरना स्थगित
बीएचयू में शोध नियमावली में सुधार सहित 19 सूत्री मांग को लेकर केंद्रीय कार्यालय पर चल रहा धरना 13वें दिन कुलपति और छात्रों के बीच बातचीत के बाद स्थगित हो गया। छात्रों ने बताया कि दो घंटे की बातचीत में कुलपति ने उनकी मांगों को सुना और कार्रवाई का आश्वासन भी दिया। छात्र अधिष्ठाता और चीफ प्रॉक्टर ने मांगों को पूरा करने के लिए समय मांगा है।
प्रशांत राय ने बताया कि कुलपति के साथ बातचीत में अधिकांश मांगों पर सहमति के बाद धरने को स्थगित किया गया है। इकाई मंत्री भाष्करादित्य त्रिपाठी ने बताया कि यदि मांगों पर निर्णय नहीं लिया गया तो फिर आंदोलन करेंगे।
रोशनी के साथ न्याय नहीं हुआ तो सड़क पर उतरेगी महिला कांग्रेस
प्रदेश में महिला हिंसा और असुरक्षा की स्थिति बेहद भयावह है। काशी में भी महिलाएं महफूज नहीं हैं। पिछले सितंबर माह से बनारस की बेटी रोशनी कुशल जायसवाल का परिवार पुलिस प्रताड़ना का शिकार हो रहा है। ये कहना है कि महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष (पूर्वी जोन) सहला अहरारी का। मंगलवार को मैदागिन स्थित कांग्रेस कार्यालय में प्रेसवार्ता में प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि अगर रोशनी के साथ न्याय नहीं हुआ तो महिला कांग्रेस सड़क पर उतरेगी।
7.50 लाख की क्षतिपूर्ति मिली
बिजली की चपेट में आने से मृत भैरो सिंह पटेल के परिजनों को मंगलवार को 7.50 लाख रुपये की क्षतिपूर्ति दी गई। पूर्वांचल महामंत्री वेद प्रकाश राय ने बताया कि भैरो पटेल विद्युत वितरण खण्ड द्वितीय बरईपुर के तहत करसड़ा उपकेन्द्र पर कार्यरत थे। 9 मार्च 2024 को काम करने के दौरान विद्युत दुघर्टना में उनकी मौत हो गई थी।
मारपीट में युवक की हालत गंभीर, फायरिंग का आरोप
चोलापुर थाना क्षेत्र के धरसौना बाजार समीप जमकर मारपीट हुई। इसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है। एक पक्ष ने हवाई फायरिंग का आरोप लगाया। हालांकि पुलिस ने हवाई फायरिंग की घटना से इन्कार किया है।
पवारेपुर गांव निवासी चोलापुर थाने के हिस्ट्रीशीटर बंटी सिंह ने पुलिस को बताया कि उसके बेटे किशन सिंह को ललित सिंह और उसके साथ के लोगों ने मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया है। किशन की हालत गंभीर देखते हुए उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। इस संबंध में एसीपी सारनाथ डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि घटना के संबंध में चोलापुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
काशी विद्यापीठ : नैक में अपील से पहले विभागवार सुविधाओं की समीक्षा होगी
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ को नैक मूल्यांकन में बी डबल प्लस ग्रेड मिलने के बाद अब विवि ने इस पर अपील के लिए नैक टीम से अनुमति मांगी है। अपील से पहले विश्वविद्यालय को मूल्यांकन में जिस-जिस क्षेत्र में नंबर मिले हैं, उसके आधार पर विभागवार सुविधाओं की समीक्षा की जाएगी। फिर रिपोर्ट तैयार होगी और उसके बाद अपील की जाएगी।
काशी विद्यापीठ में 7 से 9 नवंबर तक नैक टीम ने मूल्यांकन किया था। टीम के सदस्यों ने विभागों, संकायों का दौरा कर सुविधाओं के साथ ही शिक्षकों, छात्रों, कर्मचारियों से भी बातचीत की थी। नैक की ओर से जो रिपोर्ट जारी की गई, उसमें विश्वविद्यालय को 2.91 सीजीपीए के साथ ही बी डबल प्लस का ग्रेड मिला है। इस पर आपत्ति जताते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने नैक में अपील के लिए राजभवन से अनुमति मांगी थी। जैसे ही राजभवन से अनुमति मिली विश्वविद्यालय ने नैक मूल्यांकन में अपील की अनुमति मांगी है।
कुलपति प्रो. एके त्यागी का कहना है कि कुलाधिपति के निर्देश के बाद नैक में अपील कर दी गई है। 45 दिन के भीतर नैक की ओर से स्वीकृति मिलती है। विश्वविद्यालय स्तर पर सुविधाओं की समीक्षा की जाएगी। संबंधित संकाय प्रमुख विभागाध्यक्ष सहित अन्य लोगों के सुझाव के आधार पर एक रिपोर्ट तैयार करवाई जाएगी। कुलपति ने भरोसा जताया कि इस बार बेहतर ग्रेडिंग हो सकती है।
प्रदेश की चैंपियन बनकर लौटी बेटियों का स्वागत
अयोध्या में हुई प्रादेशिक सब जूनियर बालिका हैंडबाल प्रतियोगिता का खिताब जीतने वाली वाराणसी मंडल की टीम का वाराणसी पहुंचने पर फूल माला पहनाकर स्वागत किया गया। मंगलवार को परमानंदपुर स्टेडियम में स्वागत समारोह में उत्तर प्रदेश हैंडबॉल संघ के उपाध्यक्ष डॉ. एके सिंह ने खिलाड़ियों का स्वागत किया। जिला हैंडबॉल संघ के सचिव शम्स तबरेज शंपू ने बालिका खिलाड़ियों का मुंह मीठा कराया। अंजली ने संचालन किया। संवाद
अकेले दो खिलाड़ियों ने बना लिए 26 अंक, शिएट हारा
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ की ओर से अंतर महाविद्यालयीय कबड्डी शिएट कॉलेज गहनी परिसर में खेली गई। महादेव पीजी कॉलेज की टीम ने शिएट कॉलेज गहनी को 37-31 स्कोर से हराया। प्रतियोगिता में सौरभ ने 18 और अंकित ने आठ समेत कुल 26 अंक हासिल किए। खेलकूद विभागाध्यक्ष डाॅ. धर्मेंद्र प्रताप ने बताया कि प्रतियोगिता में 17 टीमों के 150 खिलाड़ियों ने दो पूल मैच खेले। चंदौली के सांसद वीरेंद्र सिंह ने खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। ऑब्जर्वर डॉ. अमरेंद्र सिंह, अमित कुमार गौतम, डॉ. दिनेश सिंह, संतोष यादव मौजूद रहे।
आईआईटी बीएचयू में निदेशक ने ली शपथ
आईआईटी बीएचयू में सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत कार्यक्रम में निदेशक प्रो. अमित पात्रा के साथ ही प्रशासनिक कार्यालय के अधिकारियों ने सत्यनिष्ठा की शपथ ली। केंद्रीय सतर्कता आयोग के निर्देश पर 28 अक्तूबर से 3 नवंबर तक संस्थान के कुलसचिव (प्रभार) राजन श्रीवास्तव ने शपथ दिलाई। प्रो. विकास कुमार दूबे, प्रो. सुशांत कुमार श्रीवास्तव, डॉ. नवीन उपाध्याय, स्वाति बिस्वास, डॉ. सर्वेश कुमार तिवारी मौजूद रहे।
कृषि विज्ञान संकाय प्रमुख बने विभागाध्यक्ष
बीएचयू में कृषि विज्ञान संकाय के प्रमुख प्रो. एसवीएस राजू को कृषि अर्थशास्त्र विभाग के अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। सामान्य प्रशासन में सहायक कुलसचिव अशोक कुमार शर्मा की ओर से आदेश जारी कर दिया गया है। नई जिम्मेदारी एक नवंबर से अगले आदेश तक प्रभावी रहेगी।
ओएमआर शीट भरने की दी जाएगी ट्रेनिंग
माध्यमिक स्कूलों में कक्षा नौ के विद्यार्थियों को परख राष्ट्रीय सर्वेक्षण के तहत ओएमआर शीट भरने का अभ्यास कराया जाएगा। हर शनिवार को प्रश्न पत्र और ओएमआर शीट विद्यार्थियों को दी जाएगी, जिसमें वह अभ्यास करेंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक अवध किशोर सिंह ने विद्यालयों को आदेश दिया है कि शेड्यूल बनाकर परख राष्ट्रीय सर्वेक्षण के पूर्व विद्यार्थियों का कम से कम 5-6 बार अभ्यास कराया जाए।
स्कूलों में बनाई गई रंगोली, छात्र पुरस्कृत
पिंडरा। बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों में धनतेरस व दीपावली पर रंगोली व दीपोत्सव प्रतियोगिता हुई। किसी ने चंद्रयान तो किसी ने भारत माता तो किसी ने मां लक्ष्मी की रंगोली बनाई। प्राथमिक विद्यालय जमापुर में दीया मेकिंग में कक्षा 4 की अर्पिता, श्रेया, अंश व अर्चित को पुरस्कृत किया गया। रंगोली में कक्षा 5 की रिमझिम, प्रिया व कक्षा 4 में श्रेया व अर्पिता और कक्षा 3 में शीतल, प्रियांशी व आरुषि, कक्षा एक में छाया व खुशी को पुरस्कृत किया गया। अन्य स्कूलों में भी आयोजन हुए।