एंटी रोमियो अभियान वाराणसी भर में जारी है लेकिन छेड़खानी की घटनाओं में कमी नहीं आ रही है। हालांकि सूबे की नई सरकार की हनक का यह असर है कि अब ऐसे मामले दर्ज किए जा रहे हैं और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
शनिवार से रविवार के बीच चौबेपुर, बड़ागांव और सिगरा थाना क्षेत्र में छेड़खानी से संबंधित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
चौबेपुर क्षेत्र के ढाब इलाके के रामपुर गांव में किशोरी से छेड़खानी के आरोप में सूरज को पुलिस ने गिरफ्तार किया।
बताया जाता है कि आरोपी सूरज पीड़िता के घर में घुसकर उसके साथ छेड़खानी किया तो परिवारीजनों ने इसकी सूचना सौ नंबर पर दी। इसी तरह बड़ागांव थाना क्षेत्र के जगरदेवपुर गांव से एक व्यक्ति ने सौ नंबर पर फोन कर बताया कि उसकी भतीजी के साथ एक व्यक्ति छेड़खानी कर रहा है। सूचना पर पीआरवी 628 के पुलिस कर्मियों ने आरोपी को हिरासत में लेकर बड़ागांव पुलिस को सुपुर्द कर दिया।
उधर, सिगरा के माधोपुर निवासी डब्लू उर्फ गोलू उर्फ आकाश को पुलिस ने शनिवार की रात छेड़खानी सहित अन्य आरोपों में गिरफ्तार किया। पीड़िता ने डब्लू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था कि उसने छेड़खानी की और विरोध करने पर गालीगलौज करने के साथ ही जान से मारने की धमकी दी।
उधर, रविवार को स्कूल, कॉलेज बंद रहने के कारण एंटी रोमियो अभियान जिले में न के बराबर चला। पुलिस पार्कों, मॉल और बाजारों तक ही सीमित रही और बेवजह में काफी देर से खड़े युवकों को चेतावनी देकर घर भेज दिया गया।