बनारस में बंदरों के उत्पात से डर कर बीते शुक्रवार को दो मंजिला मकान से गिरी छात्रा की मौत रविवार को अस्पताल में हो गई। उसका उपचार बीएचयू ट्रामा सेंटर में चल रहा था।
गोलाघाट स्थित ननिहाल में रह रही सातवीं की छात्रा अरीबा उर्फ माही (13) की रविवार को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में उपचार के दौरान मौत हो गई। माही का शव अस्पताल से ननिहाल आते ही परिवारीजनों में कोहराम मच गया।
घटना से गुस्साए इलाकाई लोगों का कहना था कि बंदरों के उत्पात से महिलाओं, बच्चों का छत पर निकलना दूभर हो गया है लेकिन शिकायत के बाद भी नगर पालिका प्रशासन की नींद नहीं खुल रही है।
गोरखपुर के गुरेड़ी निवासी नईम खां सऊदी अरब में वुड डिजाइनर हैं। पति के सऊदी अरब में रहने के चलते उनकी पत्नी नाजमा बेगम गोलाघाट स्थित अपने पिता हाजी हलीम के यहां रहती हैं। उनकी बेटी अरीबा उर्फ माही (13) साहित्य नाका स्थित एक स्कूल में कक्षा सात में पढ़ती थी।