भदोही। राजस्थान के बालाजी मंदिर में दर्शन को गए जिले का एक परिवार सड़क हादसे का शिकार हो गया। जिसमें एक युवती की मौत हो गई। युवती के मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतका का अगले साल 25 फरवरी को शादी तय थी।
भदोही के जमुनीपुर कालोनी निवासी संतोष राय गत 19 नवंबर को भदोही से ट्रेन से राजस्थान महंदीपुर बालाजी दर्शन करने गए थे। उनके साथ उनकी बेटी ज्योति राय और दो रिश्तेदार भी थे। युवती के चाचा भाजपा नेता जय कुमार राय ने बताया कि अगले दिन सभी लोग एक सवारी जीप से बांदीकुई रेलवे स्टेशन जा रहे थे। इस बीच दौसा जिला के सिकन्दरा चौराहे के पास उनकी जीप का सामने से आ रही ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गयी। जिसमें ज्योति गंभीर रूप से घायल हो गई। वहीं अन्य लोगों को आंशिक चोटें आई। गंभीर अवस्था में उसे अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उसकी मौत हो गई। बताया कि सिकंदरा पुलिस थाने में उन्होंने चालक के खिलाफ दर्ज कराया है। परिजनों के अनुसार ज्योति का 25 फरवरी को विवाह होना था। जिसकी तैयारी में पूरा परिवार लगा हुआ था, लेकिन घटना से पूरा परिवार सदमे में है।