मरुई, पाल नगर की बबिता पाल (21) रविवार को अपने घर के पास जयहिंद पाल के घर में बंद कमरे में फंदे से लटकी मिली। सूचना पाकर पहुंची सिंधौरा थाने की पुलिस ने दरवाजा तोड़ कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। युवती के पिता ने जयहिंद पाल और उसके परिवार के सदस्यों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ये है पूरा मामला
सिंधौरा थाना क्षेत्र के मरुई, पाल नगर निवासी राजगीर बचानू पाल की सात पुत्रियों और एक पुत्र में बबिता सबसे छोटी थी। बचानू पाल ने बताया कि उसकी पुत्री बबिता पाल को घर के पास रहने वाले धर्मराज पाल का बेटा जयहिंद पाल हमेशा परेशान करता रहता था। इसकी शिकायत उसने जयहिंद पाल के परिजनों से की थी।
सुबह उसकी बेटी घर से बाहर निकली थी। उसी दौरान जयहिंद अपने परिजनों के साथ बबिता को पकड़ कर अपने घर ले गया। बबिता की हत्या करने के बाद उसके शव को दुपट्टे के फंदे के सहारे लटका दिया। उधर, इस घटना के बाद जयहिंद पाल और उसके परिवार के पुरुष सदस्य घर छोड़ कर भाग गए हैं।
इस संबंध में डीसीपी गोमती जोन आकाश पटेल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में प्रेमप्रसंग की बात सामने आई है। मामला आत्महत्या का प्रतीत हुआ है। युवती युवक के घर जाकर कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर ली थी। युवक की भाभी ने शोर मचाया तो ग्रामीण मौके पर आए। दरवाजे को तोड़ कर शव फंदे से नीचे उतारा गया। घटना के संबंध में युवती के पिता ने हत्या की आशंका जताई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह स्पष्ट होने पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।